एटीएम की सुरक्षा भगवान भरोसे

Updated at :26 Sep 2016 6:17 AM
विज्ञापन
एटीएम की सुरक्षा भगवान भरोसे

अनदेखी. दर्जनों बार हो चुकी है वारदात, अपराधियों का है सॉफ्ट टारगेट एटीएम केंद्रों पर गार्ड के नहीं रहने के कारण असुरक्षित माहौल में विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड धारक उपभोक्ता लाखों रुपये का लेन-देन भगवान भरोसे कर रहे हैं. सुपौल : एक तरफ जहां पूरे प्रदेश में बैंक और एटीएम को अपराधियों द्वारा निशाना […]

विज्ञापन

अनदेखी. दर्जनों बार हो चुकी है वारदात, अपराधियों का है सॉफ्ट टारगेट

एटीएम केंद्रों पर गार्ड के नहीं रहने के कारण असुरक्षित माहौल में विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड धारक उपभोक्ता लाखों रुपये का लेन-देन भगवान भरोसे कर रहे हैं.
सुपौल : एक तरफ जहां पूरे प्रदेश में बैंक और एटीएम को अपराधियों द्वारा निशाना बनाया जा रहा है. वहीं दूसरी तरफ जिला मुख्यालय में विभिन्न बैंकों के करीब तीन दर्जन से अधिक एटीएम का संचालन बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के हो रहा है. एटीएम केंद्रों पर गार्ड के नहीं रहने के कारण असुरक्षित माहौल में विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड धारक उपभोक्ता लाखों रुपये का लेन-देन भगवान भरोसे कर रहें हैं. वहीं गार्ड विहीन एटीएम केंद्रों की सुरक्षा भी सवालों के घेरे में है.
ज्ञात हो कि जिले में साइबर क्राईम की घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों का गिरोह वर्षों से सक्रिय है. अब तक दर्जनों उपभोक्ता एटीएम केंद्र के अंदर राशि निकासी के दौरान धोखे से एटीएम कार्ड बदलने की घटना का शिकार हो चुके हैं. और तो और महज कुछ माह पूर्व अपराधियों द्वारा जिला मुख्यालय में एटीएम मशीन को काट कर राशि निकालने का असफल प्रयास किया गया. लेकिन बैंक प्रबंधन इन घटनाओं से कोई सबक लेने को तैयार नहीं है. साइबर क्राइम की घटना का शिकार बनने के बाद उपभोक्ता अपना माथा पीटते रहते हैं. आज तक जिले में एक भी साइबर क्राइम की घटना का उद्भेदन नहीं हो सका है. बैंक प्रबंधन भी ऐसी घटनाओं के बाद उपभोक्ता की नासमझी को ही दोष देते हैं. लेकिन एटीएम केंद्र जैसे महत्वपूर्ण जगह पर गार्ड की तैनाती नहीं की जाती है. ऐसे में आम लोगों के खून-पसीने की कमाई कहां सुरक्षित रहे यह सवाल उठ रहा है.
शहर के एटीएम अपराधियों को दे रहा निमंत्रण : जिला मुख्यालय के विभिन्न इलाकों में संचालित गार्ड विहीन एटीएम केंद्र अपराधियों को खुला निमंत्रण दे रहा है. देश का सबसे बड़ा बैंक समूह भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम में सुरक्षा के मानकों का तनिक भी पालन नहीं किया जा रहा है.शहर के दक्षिणी हटखोला रोड में एक होटल के नीचे स्थित एटीएम केंद्र का दरवाजा रात के समय में भी खुला हुआ रहता है.इस एटीएम में पर्याप्त मात्रा में राशि भी उपलब्ध रहने के बावजूद सुरक्षा के नाम पर यहां कोई इंतजाम नहीं किये गये हैं.अगर अपराधी चाहे तो इस
एटीएम को आसानी से अपना निशाना बना सकते हैं. कुछ यहीं स्थिति महावीर चौक स्थित भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के गेट पर स्थित एटीएम, समाहरणालय के समीप तथा सर्किट हाउस के सपीम स्थापित एसबीआई के एटीएम केंद्र का है.देर रात तक खुले रहने वाले इन एटीएम केंद्रों पर एक भी गार्ड की तैनाती नहीं की गयी है.
बैंक प्रबंधन की लापरवाही का खामियाजा बैंक के उपभोक्ता उठाने के लिये मजबूर हैं. जिले में साईबर क्राइम की दर्जनों घटनाएं घट चुकी हैं. कई मामलों में गार्ड विहीन एटीएम केंद्रों पर राशि निकासी के दौरान उपभोक्ताओं का एटीएम कार्ड गिरोह के अपराधियों ने धोखा देकर बदल लिया और बाद में उस कार्ड से लाखों रुपये की निकासी कर ली. वहीं जिला मुख्यालय स्थित अतिथि गृह के सामने महज कुछ माह पूर्व भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम को टारगेट पर लेकर अपराधियों ने रात के अंधेरे में एटीएम मशीन को गैस कटर मशीन से काटकर राशि निकालने की असफल कोशिश भी किया था.
गंदगी से उपभोक्ता परेशान
शहर के मल्लिक चौक स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम के अंदर लगा कचड़े का अंबार एटीएम के प्रति बैंक प्रबंधन की उदासीनता को बयां कर रहा है. इस एटीएम केंद्र की साफ-सफाई महीनों से नहीं की गयी है. एटीएम मशीन से निकलने वाले बाइलेंस पर्ची महीनों से जमा होते-होते अब कचड़े का अंबार लग गया है. वहीं कुछ ग्राहकों के पान गुटखा के लत के कारण एटीएम के अंदर रंग-बिरंगा दृश्य उत्पन्न हो रहा है. स्थानीय लोगों ने बताया कि साफ-सफाई के अभाव में एटीएम केंद्र के अंदर फैली बदबू के कारण अब उपभोक्ता यहां आने से परहेज करने लगे हैं.
एटीएम धारक उपभोक्ता अपने एटीएम की सुरक्षा स्वयं करें. बैंक ने एटीएम संचालन की जिम्मेदारी एनसीआर कंपनी को दिया है. एटीएम केंद्रों पर सुरक्षा के लिये गार्ड की तैनाती का कोई प्रोभिजन नहीं हैं. साफ-सफाई के लिये संबंधित एजेंसी जिम्मेदार है.
विकास, मुख्य प्रबंधन भारतीय स्टेट बैंक,
बैंक अधिकारियों को कई बार एटीएम की सुरक्षा के संबंध में नोटिस जारी किया जा चुका है. अब विभाग को इस बाबत सूचना भेजी जा रही है. विभाग राज्य स्तर पर बैंक अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा के इस गंभीर मुद्दे पर निर्णय लेगी.
डॉ कुमार एकले, एसपी सुपौल
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन