दुकान से कालाबाजारी का 54 बोरा खाद बरामद, दुकानदार फरार

Updated:
विज्ञापन

एसडीएम व एसडीएओ ने की संयुक्त रूप से छापेमारी

विज्ञापन

हरिहरपट्टी चौक वार्ड 7 में बिना लाइसेंस के संचालित था खाद दुकान एसडीएम व एसडीएओ ने की संयुक्त रूप से छापेमारी त्रिवेणीगंज. हरिहरपट्टी चौक वार्ड 7 स्थित एक खाद दुकान का शनिवार को एसडीएम अभिषेक कुमार व अनुमंडल कृषि पदाधिकारी मुकेश कुमार ने छापेमारी की. इस दौरान अधिकारियों ने खाद दुकान से 54 बोरा कालाबाजारी का खाद जब्त किया. जब्त खाद को कब्जे में लेकर जिम्मेनामा पर स्थानीय लाइसेंसधारी दुकानदार नीतीश कुमार को सौंप दिया गया. जानकारी अनुसार हरिहरपट्टी वार्ड 9 निवासी किसान राजेंद्र यादव शनिवार सुबह खाद खरीदने अशोक चौधरी की दुकान पर पहुंचा. दुकानदार ने पहले यूरिया देने से मना किया, फिर एक बोरा यूरिया 800 रुपये में देने की बात कही. काफी मोलभाव के बाद 650 रुपये में सौदा तय हुआ. किसान ने 600 रुपये ऑनलाइन भुगतान कर दिया, लेकिन शेष 50 रुपये को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई. इसके बाद किसान ने इसकी शिकायत एसडीएम से की. शिकायत मिलते ही एसडीएम व एसडीएओ मौके पर पहुंचे और दुकान की तलाशी ली तो दुकान में पटूआ के नीचे छिपाकर रखे 54 बोरा खाद बरामद हुआ. बरामद खाद में 31 बोरा यूरिया, 4 बोरा पोटाश, 1 बोरा मिक्सचर, 6 बोरा नवरत्ना का डीएपी, 11 बोरा इफको का अमोनियम फॉस्फेट सल्फेट और 1 बोरा इफको का पोटाश शामिल है. कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और एसडीएओ मुकेश कुमार को लोगों के विरोध का सामना भी करना पड़ा. इस बीच दुकानदार अशोक चौधरी मौके का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गया. ग्रामीणों का आरोप है कि अशोक चौधरी वर्षों से बिना लाइसेंस के दुकान चलाकर खाद की कालाबाजारी करता रहा है. किसानों से मनमाने दाम वसूलकर वह मोटी कमाई करता था. लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लाइसेंसधारी दुकानदार भी बड़े पैमाने पर खाद की कालाबाजारी कर रहे हैं, जिसके कारण किसानों को निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध नहीं हो पा रहा है. अनुमंडल कृषि पदाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि दुकान पूरी तरह अवैध था और बरामद खाद को जब्त कर प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
RAJEEV KUMAR JHA

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन