ePaper

राफेल का सच सामने आयेगा, नरेंद्र मोदी और अनिल अंबानी को सजा होगी : राहुल गांधी

Updated at : 20 Apr 2019 5:02 PM (IST)
विज्ञापन
राफेल का सच सामने आयेगा, नरेंद्र मोदी और अनिल अंबानी को सजा होगी : राहुल गांधी

सुपौल : बिहार के सुपौल में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला है. राहुल गांधी ने राफेल मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए शनिवार को दावा किया कि राफेल का सच सामने आयेगा, जांच होगी तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी […]

विज्ञापन

सुपौल : बिहार के सुपौल में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला है. राहुल गांधी ने राफेल मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए शनिवार को दावा किया कि राफेल का सच सामने आयेगा, जांच होगी तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं अनिल अंबानी को सजा होगी.

बिहार के सुपौल में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बिहार के युवा पूरे देश में जाकर बैंकों के सामने, सरकारी इमारतों के सामने एवं अन्य दफ्तरों के सामने चौकीदारी करते हैं. बिहार के जो युवा बाहर चौकीदारी करते हैं, वे पूरी ईमानदारी से करते हैं. उन्होंने कहा कि देश में एक नरेंद्र मोदी हैं जो अपने को देश का चौकीदार कहते हैं, लेकिन वह अनिल अंबानी के चौकीदार हैं. उन्होंने बिहार के सभी चौकीदारों को बदनाम कर दिया है.

राहुल गांधी ने कहा कि बिहार के युवा धूप में, आंधी में, आधी रोटी खाकर चौकीदारी का काम करते हैं, लेकिन एक व्यक्ति ने उन सभी को बदनाम कर दिया. राफेल विमान सौदे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘कोई नहीं बच पायेगा, अंत में राफेल मामले का सच सामने आयेगा. जांच होगी और नरेंद्र मोदी एवं अनिल अंबानी को सजा होगी.’

प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘नरेंद्र मोदी चाहे जितनी भी कोशिश कर लें, लेकिन बिहार एवं देश की जनता उन्हें दोबारा प्रधानमंत्री नहीं बनने देगी. बात खत्म.’ उन्होंने कहा कि आजकल नरेंद्र मोदी को देखें तो पता लगेगा कि वह कितना घबरा गये हैं. राहुल ने कहा कि जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी और कोसी में बाढ़ आयी थी तब हमारी सरकार ने दो दिन के भीतर 1100 करोड़ रुपया जारी किया था और उस समय सोनिया गांधी भी आयी थीं.

राहुल गांधी ने सवाल किया कि इसके बाद भी कोसी नदी में बाढ़ आयी थी, तब नरेंद्र मोदी की सरकार थी, क्या चौकीदार आया? इस रैली में रालोसपा अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा, कांग्रेस नेता रंजीत रंजन मौजूद थीं. रैली में राजद नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव मौजूद नहीं थे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन