सीवान के उज्जैन बंगरा में आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद तनाव, पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च; शांति समिति की बैठक
कैंप करते पदाधिकारी
उज्जैन बंगरा गांव में बाबा साहब पर आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद माहौल बिगड़ने की आशंका. प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए फ्लैग मार्च निकाला और शांति समिति की बैठक आयोजित की.
Objectionable Comment: आंदर थाना क्षेत्र के उज्जैन बंगरा गांव में बाबा साहब पर आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद हुई मारपीट और वीडियो वायरल होने के मामले को लेकर मंगलवार की शाम प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा. गांव में शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में फ्लैग मार्च निकाला गया. इसके बाद शांति समिति की बैठक कर दोनों पक्षों के लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गयी.
आपके शहर में
अधिकारियों ने गांव में किया फ्लैग मार्च
अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार झा, एसडीओ आशुतोष कुमार गुप्ता और सीवान सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह की संयुक्त अगुवाई में पुलिस बल के साथ गांव में फ्लैग मार्च किया गया. इस दौरान लोगों से शांति बनाए रखने और किसी तरह की अफवाह पर भरोसा नहीं करने की अपील की गयी.
अफवाहों से बचने की दी हिदायत
शांति समिति की बैठक में अधिकारियों ने दोनों पक्षों के लोगों से कहा कि किसी भी स्थिति में अफवाहों पर ध्यान नहीं दें. विवाद को बढ़ावा देने वाली बातों और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे भ्रामक कंटेंट से भी बचने की अपील की गयी.
बाहरी लोगों के प्रवेश पर नजर रखने का निर्देश
प्रशासन ने ग्रामीणों को हिदायत दी कि बाहरी लोगों के गांव में प्रवेश पर नजर रखें. अधिकारियों ने बताया कि कुछ बाहरी लोगों की ओर से कथित रूप से भड़काऊ बातें कहे जाने की जानकारी मिली है, जिससे माहौल बिगड़ने की आशंका है. ऐसे में ग्रामीणों से सतर्क रहने को कहा गया.
संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें
प्रशासन ने ग्रामीणों से आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील की. साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को देने को कहा गया.
फ्लैग मार्च और शांति समिति की बैठक के दौरान थानाध्यक्ष सुनील कुमार, सीओ शुभम वर्मा, यातायात थानाध्यक्ष पप्पन कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा.
इसे भी पढ़ें: चिराग पासवान ने छात्रों से की मुलाकात, CM सम्राट चौधरी के सामने BPSC, बेल्ट्रॉन और TRE-4 की मांगें रखीं
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए