सीवान सदर अस्पताल में आधी रात को CS का औचक निरीक्षण, एसी खराब और कम स्टाफ मिलने पर नाराजगी

Updated:
विज्ञापन

निरीक्षण करते सिविल सर्जन डॉ श्रीनिवास प्रसाद

सीवान सदर अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने सोमवार मध्यरात्रि को अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान मरीजों ने एसी खराब होने की शिकायत की और सीएचसी में सिर्फ एक नर्सिंग स्टाफ मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई.

विज्ञापन

Siwan Sadar Hospital: सदर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था का जायजा लेने के लिए सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने सोमवार की मध्यरात्रि करीब एक बजे अस्पताल के विभिन्न वार्डों का औचक निरीक्षण किया. अचानक अस्पताल पहुंचे सीएस को देखकर स्वास्थ्यकर्मियों में हड़कंप मच गया. उन्होंने आपात कक्ष, महिला वार्ड, सीएनसीयू और पीकू वार्ड का निरीक्षण कर कमियों को तत्काल दूर करने का निर्देश दिया.

आपके शहर में

विज्ञापन

मरीजों ने एसी खराब होने की शिकायत की

निरीक्षण के दौरान आपात कक्ष और एसएनसीयू में भर्ती मरीजों ने सिविल सर्जन से वार्ड में लगे एसी के ठीक से काम नहीं करने की शिकायत की. मरीजों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सीएस ने संबंधित अधिकारियों को एसी की खराबी जल्द दूर कराने का निर्देश दिया.

सीएनसीयू में एक नर्सिंग स्टाफ मिलने पर नाराजगी

सीएनसीयू के निरीक्षण के दौरान मौके पर केवल एक नर्सिंग स्टाफ की मौजूदगी पर सिविल सर्जन ने नाराजगी जतायी. उन्होंने अधिकारियों से ड्यूटी व्यवस्था की जानकारी ली और मरीजों की संख्या के अनुसार पर्याप्त स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

मरीजों से सीधे लिया इलाज का फीडबैक

सिविल सर्जन ने आपात कक्ष और महिला वार्ड में भर्ती मरीजों से बातचीत कर इलाज और अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं का फीडबैक लिया. उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया.

सीएस ने अधिकारियों से रेफरल मरीजों की संख्या कम करने की दिशा में भी जरूरी कदम उठाने को कहा, ताकि अधिक से अधिक मरीजों को सदर अस्पताल में ही बेहतर इलाज मिल सके.

आईसीयू में सामान्य मरीज मिलने पर जताई आपत्ति

निरीक्षण के दौरान आईसीयू में सामान्य मरीजों के भर्ती होने पर भी सिविल सर्जन ने आपत्ति जतायी. उन्होंने निर्देश दिया कि आईसीयू का इस्तेमाल गंभीर मरीजों के इलाज के लिए प्राथमिकता के आधार पर किया जाए. मरीजों की स्थिति के अनुसार उन्हें उचित वार्ड में भर्ती करने को कहा गया.

सिविल सर्जन ने अस्पताल की व्यवस्था में सुधार के लिए अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और सामने आने वाली कमियों को तत्काल दूर करने का निर्देश दिया. देर रात हुए औचक निरीक्षण से अस्पताल कर्मियों में काफी देर तक हड़कंप की स्थिति बनी रही.

निरीक्षण के दौरान जिला कमांड एंड कंट्रोल के कार्यपालक रजनीश कुमार पांडे भी मौजूद रहे.

इसे भी पढ़ें:छात्रों से मिलने के बाद CM आवास पहुंचे चिराग पासवान, सम्राट चौधरी के सामने रखेंगे छात्रों की पूरी बात


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन