सीवान : भगवानपुर हाट में सोते समय युवक को सांप ने डंसा, अस्पताल पहुंचने से पहले गई जान, एक सप्ताह में दूसरी मौत

Updated:
विज्ञापन
फोटो :रोते बिलखते परिजन व मृतक का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network

रोते बिलखते परिजन व मृतक का फाइल फोटो

भगवानपुर हाट के अरुआ गांव में सांप के डंसने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। रात में सोते समय हुई इस घटना से परिवार सदमे में है। यह एक सप्ताह में दूसरी मौत है, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई है।

विज्ञापन

भगवानपुर हाट: थाना क्षेत्र के अरुआ गांव में सांप के डंसने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान अरुआ निवासी रंगलाल राम के 22 वर्षीय पुत्र छोटू राम के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है. परिजनों के अनुसार मंगलवार की रात खाना खाने के बाद छोटू राम अपने कमरे में सोने चला गया था.

रात दो बजे अचानक हुई बेचैनी

परिजनों ने बताया कि रात करीब दो बजे छोटू राम की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उसे तेज बेचैनी महसूस हुई. आनन-फानन में उसे भगवानपुर हाट स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. इसके बाद परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, भगवानपुर हाट लेकर पहुंचे, लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

हाथ पर मिला सांप के डंसने का निशान

जांच के दौरान युवक के दाहिने हाथ पर सुई की नोक जैसा सांप के डंसने का निशान मिला. परिजनों का अनुमान है कि बिस्तर में छिपे किसी जहरीले सांप ने सोते समय उसे डंस लिया. डंसने का एहसास नहीं होने के कारण वह सोता रहा और रात में जहर का असर बढ़ने पर उसकी हालत गंभीर हो गई.

परिवार में मचा कोहराम

छोटू राम तीन भाइयों और पांच बहनों में सबसे छोटा था. वह अविवाहित था. उसकी मौत के बाद मां राजकली देवी, पिता रंगलाल राम सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में परिजनों की चीख-पुकार सुनकर मौजूद लोगों की भी आंखें नम हो गईं.

एक सप्ताह में सांप के डंसने से दूसरी मौत

ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के मौसम में गांवों में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं. अरुआ गांव में एक सप्ताह के भीतर सांप के डंसने से यह दूसरी मौत है. इससे पहले पिछले गुरुवार को गांव के सुनील कुमार पांडेय की पत्नी नूतन देवी की भी सांप के डंसने से मौत हो गई थी. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.

ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील

ग्रामीणों ने लोगों से रात में सोने से पहले बिस्तर और कमरे की अच्छी तरह जांच करने की अपील की है. साथ ही यदि किसी व्यक्ति को सांप काटने की आशंका हो तो बिना देर किए उसे तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाने की सलाह दी है, ताकि समय पर उपचार मिल सके.


विज्ञापन
Ranjeet Kumar

लेखक के बारे में

By Ranjeet Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन