सीवान पुलिस को 15 मिनट में देना होगा रिस्पॉन्स, एसपी का अल्टीमेटम, लापरवाही बर्दाश्त नहीं…

Published by : Sakshi kumari Updated At : 10 Jun 2026 11:56 AM

विज्ञापन

समाहरणालय सभागार में पुलिस अधिकारियों के साथ एसपी

Siwan Police: एसपी ने कहा कि कंट्रोल रूम से प्राप्त किसी भी शिकायत पर हर हाल में 15 मिनट के भीतर पुलिस की प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जाए. उन्होंने चेतावनी दी कि इस व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

विज्ञापन

सीवान से अमर नाथ शर्मा की रिपोर्ट
Siwan Police: सीवान जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने सख्त रुख अपनाया है. समाहरणालय सभागार में आयोजित मई माह की अपराध गोष्ठी में एसपी ने जिले के सभी थानाध्यक्षों और पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि गंभीर मामलों में वांछित अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए. बैठक में पुलिसिंग को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने पर विशेष जोर दिया गया.

हत्या और आर्म्स एक्ट मामलों के आरोपियों पर फोकस

अपराध समीक्षा बैठक के दौरान एसपी ने हत्या, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर मामलों में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने का निर्देश दिया. साथ ही जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर वारंट, सम्मन और कुर्की-जब्ती की कार्रवाई को तेज करने के आदेश दिए गए. उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

स्पीडी ट्रायल से अपराधियों को जल्द दिलाई जाएगी सजा

बैठक में गंभीर आपराधिक मामलों के त्वरित निष्पादन पर भी चर्चा हुई. एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्पीडी ट्रायल के माध्यम से दोषियों को जल्द सजा दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं. इससे अपराधियों में कानून का भय बढ़ेगा और अपराध पर नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिलेगी.

मुहर्रम को लेकर हाई अलर्ट पर पुलिस

आगामी मुहर्रम पर्व को देखते हुए जिले के सभी थानों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया. एसपी ने शांति समिति की बैठक आयोजित करने, संवेदनशील स्थलों की पहचान करने, आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करने तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा. त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए विशेष रणनीति बनाने पर जोर दिया गया.

जेल से छूटे अपराधियों और फरार आरोपियों पर नजर

पुलिस अधीक्षक ने सक्रिय अपराधियों, जेल से रिहा हुए अपराधियों और लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की सूची अपडेट करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि ऐसे सभी व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए और आवश्यकता पड़ने पर कानूनी कार्रवाई की जाए.

15 मिनट में पुलिस रिस्पॉन्स देना होगा अनिवार्य

बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्देश ईआरएसएस (Emergency Response Support System) से जुड़ा रहा. एसपी ने कहा कि कंट्रोल रूम से प्राप्त किसी भी शिकायत पर हर हाल में 15 मिनट के भीतर पुलिस की प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जाए. उन्होंने चेतावनी दी कि इस व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

थानों में आने वाले लोगों से बेहतर व्यवहार का निर्देश

एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि थानों में आने वाले लोगों के साथ शालीन व्यवहार किया जाए. उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर त्वरित समाधान किया जाए. साथ ही आगंतुक पंजी का नियमित संधारण करने और पारदर्शी पुलिसिंग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया.

रात्रि गश्ती और वाहन जांच अभियान होगा और सख्त

बैठक में रात्रि गश्ती, पैदल गश्ती, वाहन जांच अभियान, गुंडा परेड और चौकीदार परेड को नियमित रूप से संचालित करने का निर्देश दिया गया. सभी पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान निर्धारित वर्दी में रहने और अनुशासन बनाए रखने के लिए भी कहा गया. एसपी ने एनडीपीएस, पॉक्सो और एससी-एसटी एक्ट से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों में जांच और कानूनी प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए.

बड़हरिया थानाध्यक्ष बने ‘एसएचओ ऑफ द मंथ’

अपराध गोष्ठी के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों को सम्मानित भी किया गया. बड़हरिया थानाध्यक्ष को बेहतर प्रदर्शन के लिए “एसएचओ ऑफ द मंथ” घोषित किया गया. वहीं 10 से अधिक कांडों का सफल अनुसंधान पूरा करने वाले पांच अनुसंधानकर्ताओं को पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्मानित किया गया. बैठक में ई-सम्मन, सिटीजन पोर्टल, पुलिस स्टेशन मैनेजमेंट मॉड्यूल, बॉडी वारंट और मेडलीप पोर्टल जैसे विषयों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई. अधिकारियों ने आधुनिक तकनीक के उपयोग से पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया.

Also Read: सीवान में चिमनी के गड्ढे में ईंटों से दबा मिला महिला का शव, मौके से मंगलसूत्र बरामद, इलाके में सनसनी

विज्ञापन
Sakshi kumari

लेखक के बारे में

By Sakshi kumari

साक्षी देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की धरती सीवान से आती हैं. पत्रकारिता में करियर की शुरुआत News4Nation के साथ की. 3 सालों तक डिजिटल माध्यम से पत्रकारिता करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. बिहार की राजनीति में रुचि रखती हैं. हर दिन नया सीखने के लिए इच्छुक रहती हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन