सीवान के चर्चित शामपुर हत्याकांड में बड़ा मोड़, एक साल से फरार चल रहे 4 आरोपितों ने कुर्की के डर से कोर्ट में किया सरेंडर

Published by : Sakshi kumari Updated At : 12 Jun 2026 9:52 AM

विज्ञापन

व्यवहार न्यायालय सीवान

Siwan News: सीवान पुलिस की लगातार छापेमारी, दबिश और कुर्की-जब्ती की तैयारी के दबाव में हत्या मामले के चार फरार अभियुक्तों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया.

विज्ञापन

सीवान से अरविंद कुमार की रिपोर्ट
Siwan News:
सीवान जिले के जामोबाजार थाना क्षेत्र के बहुचर्चित शामपुर हत्याकांड में बड़ा मोड़ सामने आया है. पुलिस की लगातार छापेमारी, दबिश और कुर्की-जब्ती की तैयारी के दबाव में हत्या मामले के चार फरार अभियुक्तों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया. इस मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से दी गई है.

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार 30 जून 2025 को जामोबाजार थाना क्षेत्र के शामपुर गांव में कुछ लोगों ने मिलकर पशुराम प्रसाद की हत्या कर दी थी. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था. मामले में जामोबाजार थाना में बीएनएस की धारा 103/3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी.

एक आरोपी पहले ही जा चुका है जेल

हत्याकांड के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था. हालांकि घटना में शामिल अन्य आरोपी लगातार फरार चल रहे थे, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार अभियान चला रही थी.

कुर्की-जब्ती की तैयारी के बीच आरोपियों ने टेके घुटने

पुलिस सूत्रों के अनुसार फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी. उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी और घरों पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की तैयारी भी चल रही थी. पुलिस की बढ़ती सख्ती और गिरफ्तारी के डर से चारों आरोपियों ने 11 जून 2026 को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया.

जानिए किन-किन आरोपियों ने किया सरेंडर

न्यायालय में आत्मसमर्पण करने वाले अभियुक्तों में शामपुर निवासी विन्ध्याचल पटेल उर्फ विन्ध्याचल रावत, राजन यादव, हरदयाल यादव और चन्द्रेश्वर यादव शामिल हैं. सभी आरोपी जामोबाजार थाना क्षेत्र के शामपुर गांव के रहने वाले हैं और हत्याकांड में नामजद बताए गए हैं. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि न्यायालय में आत्मसमर्पण के बाद चारों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की निगरानी कर रही है.

अन्य आरोपियों की तलाश में जारी है अभियान

पुलिस का कहना है कि हत्याकांड में संलिप्त अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा. किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के दायरे में लाया जाएगा. सीवान पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी आपराधिक गतिविधि, संदिग्ध व्यक्ति या आपात स्थिति की जानकारी तुरंत डायल-112 या सिवान पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9031683607 पर दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.

Also Read: सीवान में लंबे समय से फरार ‘निरहुआ’ गिरफ्तार, पुलिस ने घेराबंदी कर नाटकीय अंदाज में दबोचा

विज्ञापन
Sakshi kumari

लेखक के बारे में

By Sakshi kumari

साक्षी देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की धरती सीवान से आती हैं. पत्रकारिता में करियर की शुरुआत News4Nation के साथ की. 3 सालों तक डिजिटल माध्यम से पत्रकारिता करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. बिहार की राजनीति में रुचि रखती हैं. हर दिन नया सीखने के लिए इच्छुक रहती हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन