सीवान में स्वास्थ्यकर्मियों को दिया गया रैपिड इम्यूनाइजेशन स्किल एन्हांसमेंट प्रशिक्षण, टीकाकरण व्यवस्था होगी मजबूत

कार्यशाला में प्रशिक्षण देते मास्टर ट्रेनर एवं अधिकारी
सीवान में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को बेहतर बनाने के लिए स्वास्थ्यकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया. RISE प्लेटफॉर्म के माध्यम से डिजिटल लर्निंग और आधुनिक तकनीकों पर जोर दिया गया, जिससे टीकाकरण की गुणवत्ता में सुधार होगा.
Siwan News: नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी तथा गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को सिविल सर्जन कार्यालय के सभा कक्ष में रैपिड इम्यूनाइजेशन स्किल एन्हांसमेंट (RISE) कार्यक्रम के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया.
प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों, चिकित्सा पदाधिकारियों, बीसीएम, बीएचएम, एलएचवी, एएनएम और टीकाकरण कार्यक्रम से जुड़े स्वास्थ्यकर्मियों ने भाग लिया.
राइज प्लेटफॉर्म से डिजिटल प्रशिक्षण की दी गई जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को राइज प्लेटफॉर्म के माध्यम से डिजिटल लर्निंग की पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया गया.
प्रशिक्षकों ने बताया कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मार्गदर्शन में विकसित यह प्लेटफॉर्म स्वास्थ्यकर्मियों के नियमित टीकाकरण संबंधी ज्ञान और कौशल को लगातार अपडेट रखने में मददगार है.
इस डिजिटल प्लेटफॉर्म पर इंटरैक्टिव ई-लर्निंग मॉड्यूल, क्विज, गेम, ऑनलाइन मूल्यांकन, रियल टाइम मॉनिटरिंग और ई-सर्टिफिकेट जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं.
पांच प्रमुख मॉड्यूल के माध्यम से मिलेगा प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि राइज कार्यक्रम के तहत पांच प्रमुख मॉड्यूल शामिल किए गए हैं.
इनमें टीकाकरण सत्र और माइक्रोप्लान प्रबंधन, सुरक्षित इंजेक्शन एवं वैक्सीन प्रशासन, कोल्ड चेन प्रबंधन के सिद्धांत, टीकाकरण के बाद होने वाली प्रतिकूल घटनाओं का प्रबंधन और वैक्सीन हिचकिचाहट को दूर करने के लिए प्रभावी संवाद कौशल शामिल हैं.
इन मॉड्यूल के माध्यम से स्वास्थ्यकर्मियों को आधुनिक तकनीक के जरिए गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण दिया जाएगा.
मोबाइल और वेब के माध्यम से कहीं भी ले सकेंगे प्रशिक्षण
प्रशिक्षकों ने बताया कि राइज प्लेटफॉर्म की मदद से स्वास्थ्यकर्मी अपनी सुविधा के अनुसार मोबाइल या वेब के माध्यम से कहीं भी और कभी भी प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं.
इससे प्रशिक्षण की गुणवत्ता में एकरूपता आएगी और फील्ड में काम करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों की दक्षता और आत्मविश्वास बढ़ेगा. साथ ही प्रशिक्षण की प्रगति की ऑनलाइन निगरानी भी संभव होगी.
एप पर पंजीकरण और प्रशिक्षण प्रक्रिया का कराया गया प्रदर्शन
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को राइज एप पर पंजीकरण, लॉग-इन, मॉड्यूल पूरा करने, प्री और पोस्ट असेसमेंट देने तथा प्रशिक्षण पूरा होने के बाद ई-सर्टिफिकेट प्राप्त करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन कराया गया.
अंत में अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों से निर्धारित समय सीमा के अंदर सभी मॉड्यूल पूरा करने की अपील की, ताकि जिले में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को और अधिक सुरक्षित, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण बनाया जा सके.
मास्टर ट्रेनरों ने दिया प्रशिक्षण
मास्टर ट्रेनर के रूप में जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. अरविंद कुमार, डॉ. रवि प्रकाश और रविशंकर ने प्रशिक्षण दिया.
मौके पर सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद, डॉ. अमजद खान, डीपीसी इमामुल होदा, दीपक कुमार सहित कई अधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










