सीवान में चलती ट्रेन पर चढ़ रही थी महिला तभी फिसला पैर, आरपीएफ जवान ने ऐसे बचाई जान
Published by : Sakshi kumari Updated At : 10 Jun 2026 1:52 PM
महिला को बचाते जवान
Siwan News: सीवान जिले के दरौंदा रेलवे स्टेशन पर बुधवार की सुबह चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रही एक महिला यात्री अचानक संतुलन खो बैठी और प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिरने लगी. तभी आरपीएफ जवान ने उसकी जान बचा ली.
सीवान से अमर नाथ शर्मा की रिपोर्ट
Siwan News: सीवान जिले के दरौंदा रेलवे स्टेशन पर बुधवार की सुबह एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया. चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रही एक महिला यात्री अचानक संतुलन खो बैठी और प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिरने लगी. लेकिन मौके पर मौजूद आरपीएफ जवान की तत्परता ने महिला को नई जिंदगी दे दी.
चलती ट्रेन में चढ़ना पड़ा भारी
जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 75204 पंचदेवरी–सोनपुर पैसेंजर सुबह करीब नौ बजे प्लेटफॉर्म संख्या दो से रवाना हो रही थी. इसी दौरान एक महिला यात्री ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया. ट्रेन गति पकड़ रही थी और महिला का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह सीधे प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिरने लगी.
आरपीएफ जवान ने दिखाई अद्भुत फुर्ती
घटना के समय रेलवे सुरक्षा बल चौकी दरौंदा में तैनात कांस्टेबल विवेक राय प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर मौजूद थे. जैसे ही उन्होंने महिला को गिरते देखा, बिना एक पल गंवाए तेजी से आगे बढ़े और महिला को पकड़कर सुरक्षित प्लेटफॉर्म की ओर खींच लिया. उनकी सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से महिला की जान बच गई.
कुछ सेकंड की देरी बन सकती थी जानलेवा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि आरपीएफ जवान कुछ सेकंड भी देर कर देते तो महिला गंभीर हादसे का शिकार हो सकती थी. घटना इतनी अचानक हुई कि प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोग भी घबरा गए थे. लेकिन जवान की फुर्ती ने संभावित दुर्घटना को टाल दिया.
स्टेशन पर मौजूद लोगों ने बजाई तारीफ की तालियां
महिला की जान बचने के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और रेलकर्मियों ने राहत की सांस ली. सभी ने आरपीएफ कांस्टेबल विवेक राय की बहादुरी, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा की जमकर सराहना की. घटना के बाद स्टेशन परिसर में उनकी चर्चा होती रही.
रेलवे अधिकारियों ने भी की सराहना
रेलवे सुरक्षा बल के वरिष्ठ अधिकारियों ने कांस्टेबल विवेक राय के इस कार्य को बेहद सराहनीय बताया है. अधिकारियों का कहना है कि उनकी तत्परता और जिम्मेदारी ने एक बड़ा हादसा टाल दिया. यह कार्य अन्य जवानों के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण है.
चलती ट्रेन में न करें चढ़ने की कोशिश
रेलवे लगातार यात्रियों को चलती ट्रेन में चढ़ने और उतरने से बचने की सलाह देता है. दरौंदा स्टेशन की यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है. यात्रियों को हमेशा ट्रेन के पूरी तरह रुकने के बाद ही चढ़ना और उतरना चाहिए.
Also Read: सीवान में सांप ने 2 मासूमों की जान ली, लोगों ने चबूतरा तोड़कर डिब्बे में कैद किया
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sakshi kumari
साक्षी देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की धरती सीवान से आती हैं. पत्रकारिता में करियर की शुरुआत News4Nation के साथ की. 3 सालों तक डिजिटल माध्यम से पत्रकारिता करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. बिहार की राजनीति में रुचि रखती हैं. हर दिन नया सीखने के लिए इच्छुक रहती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










