सीवान में माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, नौतन थाना परिसर में हजारों लीटर देशी-विदेशी शराब पर चला बुलडोजर
देशी-विदेशी शराब नष्ट
Siwan News: बिहार में शराबबंदी कानून के बावजूद अवैध शराब का कारोबार जारी है. सीवान में पुलिस ने 2594 लीटर देशी-विदेशी शराब को नष्ट कर दिया है. यह कार्रवाई शराब माफियाओं के खिलाफ एक बड़ा संदेश है.
सीवान से शिवनाथ पांडेय की रिपोर्ट
Siwan News: बिहार में शराबबंदी कानून लागू है. इसके बावजूद राज्य में धड़ल्ले से शराब का अवैध कारोबार जारी है. पुलिस लगातार शराब माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, इसके बाद भी आए दिन कई जिलों से शराब की बड़ी खेप बरामद हो रही है. ताजा मामला सीवान का है. जहां नौतन थाना परिसर में 2594 लीटर देशी-विदेशी शराब पर बुलडोजर चला है. अंचल पदाधिकारी की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया गया. इस कार्रवाई को जिले में शराब माफियाओं के खिलाफ बड़ी चेतावनी माना जा रहा है.
एक साथ नष्ट की गई हजारों लीटर शराब
नौतन थाना परिसर में आयोजित विशेष अभियान के दौरान पहले से जब्त की गई अवैध शराब को विनष्ट किया गया. इस दौरान अंचलाधिकारी शशी कुमारी, थानाध्यक्ष जीतमोहन कुमार, एसआई रितेश कुमार सिंह सहित कई पुलिस अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे. प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाए रखने के लिए शराब नष्ट करने से पहले फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई. अधिकारियों की निगरानी में शराब को नष्ट किया गया ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद या सवाल खड़ा न हो सके.
1600 लीटर देशी और 994 लीटर विदेशी शराब की गई बर्बाद
थानाध्यक्ष जीतमोहन कुमार ने बताया कि विनष्ट की गई शराब में 1600 लीटर देशी शराब और 994 लीटर विदेशी शराब शामिल थी. इस तरह कुल 2594 लीटर अवैध शराब को नष्ट कर दिया गया, जो विभिन्न मामलों में जब्त की गई थी. पुलिस का कहना है कि नौतन थाना क्षेत्र में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री को रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और शराब कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
शराब माफियाओं के लिए सख्त संदेश
पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा कि समाज को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी अवैध धंधे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. यह कार्रवाई शराब तस्करों और माफियाओं के लिए स्पष्ट संदेश है कि कानून तोड़ने वालों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी. स्थानीय ग्रामीणों और नागरिकों ने पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत किया है. लोगों का कहना है कि अवैध शराब युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने के साथ-साथ सामाजिक माहौल को भी प्रभावित करती है.

जिले में शराब के खिलाफ अभियान तेज
ऐसे में इस तरह की कार्रवाई समाज के हित में बेहद जरूरी है. प्रशासन का दावा है कि जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे. पुलिस की सख्ती से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है और आने वाले दिनों में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहने की संभावना है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By साक्षी कुमारी
साक्षी कुमारी को डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 वर्षों का अनुभव है. पिछले तीन वर्षों से वह डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. उन्हें राजनीति, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सरोकारों और समसामयिक मुद्दों से जुड़ी खबरों की रिपोर्टिंग और लेखन का अनुभव है. बिहार की राजनीति और क्षेत्रीय मुद्दों पर उनकी विशेष रुचि है. डिजिटल पत्रकारिता के साथ-साथ उन्हें SEO (Search Engine Optimization) की भी अच्छी समझ है, जिससे वह पाठकों तक समय पर और प्रभावी ढंग से खबरें पहुंचाने में दक्ष हैं. तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार तैयार करना उनकी प्रमुख कार्यशैली है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










