सीवान में जनसमस्याओं के समाधान के लिए पंचायतों में लगा सहयोग शिविर, लोगों ने प्रचार-प्रसार की कमी पर जताई नाराजगी
सहयोग शिविर में अपनी समस्या बताते ग्रामीण
Siwan News: सीवान जिले के नौतन प्रखंड में आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. बुधवार को खालवा और मठिया पंचायत के पंचायत सरकार भवन में आयोजित शिविर में बिजली, जमीन, नल-जल सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें सुनी गईं.
Siwan News: (सीवान से शिवनाथ पांडेय की रिपोर्ट )
सीवान जिले के नौतन प्रखंड में आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. बुधवार को खालवा और मठिया पंचायत के पंचायत सरकार भवन में आयोजित शिविर में बिजली, जमीन, नल-जल सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें सुनी गईं. अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया, हालांकि कई लोगों ने शिविर के पर्याप्त प्रचार-प्रसार नहीं होने पर असंतोष भी जताया.
खालवा और मठिया पंचायत में लगा सहयोग शिविर
सहयोग शिविर कार्यक्रम के तहत सबसे पहले खालवा पंचायत सरकार भवन परिसर में शिविर आयोजित किया गया. इसके बाद दूसरे चरण में मठिया पंचायत में शिविर का आयोजन हुआ. दोनों स्थानों पर बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे और संबंधित अधिकारियों के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया.
बिजली, जमीन और नल-जल से जुड़ी शिकायतें पहुंचीं
शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति, भूमि विवाद, नल-जल योजना तथा अन्य जनहित से जुड़ी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा. संबंधित विभागों के अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान का भरोसा दिलाया. शिविर में पहुंचे कई लोगों ने कहा कि कार्यक्रम के बारे में पर्याप्त प्रचार-प्रसार नहीं किया गया. उनका कहना था कि यदि पहले से व्यापक जानकारी दी जाती तो अधिक संख्या में लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए शिविर में पहुंच सकते थे.
अधिकारियों की मौजूदगी में सुनी गईं समस्याएं
खालवा पंचायत में आयोजित शिविर में मुखिया अमित सिंह, वरीय पदाधिकारी उपेंद्र कुमार यादव, प्रखंड विकास पदाधिकारी अंजलि कुमारी, थाना प्रभारी जितमोहन कुमार, अंचल पदाधिकारी शशि कुमारी, साइबर थाना के अपर थानाध्यक्ष सुजीत कुमार, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आकाश कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.
अभियान की सफलता को लेकर हुई समीक्षा बैठक
सहयोग शिविर अभियान को प्रभावी बनाने के लिए मुरारपट्टी पंचायत भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता वरीय पदाधिकारी उपेंद्र कुमार यादव ने की. इस दौरान स्थानीय मुखिया हवलदार अंसारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और अभियान को अधिक सफल बनाने के उपायों पर चर्चा की.
जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण पर दिया गया जोर
अधिकारियों ने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है. इसके लिए सभी विभागों के अधिकारियों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है.
Also Read: सीवान पुलिस को बुलेट अंसारी हत्याकांड मामले में मिली बड़ी सफलता, झारखंड से दो नामजद आरोपी गिरफ्तार
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए