"शिक्षकों को ईमानदारी से करना होगा काम" - बड़हरिया प्रतिभा सम्मान समारोह में बोले मिथिलेश तिवारी

Updated:
विज्ञापन

मंचासीन शिक्षामंत्री मिथिलेश तिवारी व अन्य

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बड़हरिया में जल्द डिग्री कॉलेज खोलने का ऐलान किया है. उन्होंने शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए समर्पण की अपील की और कहा कि प्रदेश में सुरक्षित माहौल है. विद्यार्थियों के सपनों को पूरा करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है.

विज्ञापन

Education Minister Mithilesh Tiwari: बड़हरिया प्रखंड मुख्यालय स्थित श्रीराम जानकी मठ परिसर में भाजपा उपाध्यक्ष अनुरंजन मिश्र के आयोजन में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का अभिनंदन समारोह सह प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने की, जबकि संचालन पूर्व मंडल अध्यक्ष जयप्रकाश गौतम ने किया. समारोह में शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शिक्षकों से पूरी प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया.

निकट भविष्य में बड़हरिया में खुलेगा डिग्री कॉलेज

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि बड़हरिया में निकट भविष्य में डिग्री कॉलेज खोला जायेगा. इसके लिए प्रक्रिया चल रही है. उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से पहले राज्य की शिक्षण व्यवस्था चौपट थी, जिसे पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटरी पर लाने का काम किया.

उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान करते हुए कहा कि उन्होंने जो सपने देखे हैं, वे अवश्य पूरे होंगे. सरकार ने सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया है. अब अपराधियों के लिए नेताओं के आवास नहीं, बल्कि जेल की जगह है.

शिक्षकों से ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करने की अपील

शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षक समर्पित और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करें. राज्य का भविष्य बेटियां हैं, इसलिए उनके उत्थान के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा. उन्होंने कहा कि ऐप के माध्यम से पढ़ाई के दौरान विद्यार्थियों को होने वाली समस्याओं के समाधान की व्यवस्था की जायेगी. घर-घर ज्ञान की ज्योति पहुंचाना सरकार का दायित्व है.

उन्होंने कहा कि समृद्ध बिहार बनने पर ही विकसित भारत का सपना साकार हो सकेगा. इसके लिए शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है.

रोजगारपरक शिक्षा से पलायन की समस्या होगी दूर

शिक्षा मंत्री ने सीवान की धरती से अपने लगाव की चर्चा करते हुए देशरत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद को अपनी प्रेरणा बताया. उन्होंने कहा कि रोजगारपरक शिक्षा और स्किल डेवलपमेंट को बढ़ावा देकर पलायन की समस्या का समाधान किया जा सकता है.

उन्होंने ग्रामीणों से अपने गांव के विद्यालय को अपना समझकर उसके विकास में सहयोग करने की अपील की. उन्होंने कहा कि सरकारी प्रयास के साथ समाज की भागीदारी से विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार किया जा सकता है.

विनोद कुशवाहा के परिजनों को न्याय का दिया भरोसा

शिक्षा मंत्री ने बिना नाम लिये कहा कि विनोद कुशवाहा के परिजनों को न्याय मिलेगा. वहीं हाफ डे और शिक्षकों के स्थानांतरण से जुड़े मामलों पर उन्होंने कहा कि शिक्षकों के हित में बनी योजनाओं को धरातल पर उतारा जायेगा.

शिक्षकों और प्रतिभावान विद्यार्थियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों, समाजसेवियों और प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया. इससे पूर्व कुड़वां, करबला बाजार और जामो चौक पर शिक्षा मंत्री का भव्य स्वागत किया गया. थाना चौक पर भाजपा नेता अनुरंजन मिश्र के नेतृत्व में शिक्षा मंत्री को लड्डुओं से तौला गया.

मौके पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नंदप्रसाद चौहान, हैप्पी यादव, डॉ. अनिल गिरि, मठाधीश श्रीभगवान दास, वीरेंद्र साह, बीइओ राजीव पांडेय सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता, शिक्षक, समाजसेवी और गणमान्य लोग मौजूद थे.

इसे भी पढ़ें: सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के भतीजे की दवा दुकान में चोरी, शटर तोड़कर 2.67 लाख कैश ले गए चोर; CCTV में पूरी वारदात


विज्ञापन
आनंद मिश्र

लेखक के बारे में

By आनंद मिश्र

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन