सीवान में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का बयान: स्कूलों में एआई आधारित शिक्षा पर रहेगा विशेष जोर

Updated:
विज्ञापन

बीजेपी कार्यालय में कार्यक्रम में भाग लेते शिक्षा मंत्री एवं अन्य बीजेपी नेता

बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने राज्य के स्कूलों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने की घोषणा की है. इस पहल का उद्देश्य छात्रों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना और उन्हें आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ाना है.

विज्ञापन

Siwan News: बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के पहली बार शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया. कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय, अमर शहीद श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर की गयी. इसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम का गायन किया.

सामान्य कार्यकर्ता को आगे बढ़ने का अवसर देती है भाजपा

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है. पार्टी में सामान्य कार्यकर्ता को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलता है. उन्होंने कहा कि भाजपा ने उन्हें विधानसभा और लोकसभा का टिकट देकर सम्मान दिया और अब बिहार सरकार में शिक्षा मंत्री जैसे महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी दी है.

उन्होंने कहा कि सरकार पार्टी के फैसलों को जमीन पर उतारने और जनता के हित में पारदर्शिता के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध है. कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और सरकार की योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने की अपील भी की.

शिक्षित युवाओं के लिए जल्द शुरू होगी शिक्षक बहाली

शिक्षा मंत्री ने कहा कि बिहार के शिक्षित युवाओं को शिक्षक बनने का अवसर देने के लिए जल्द बहाली की प्रक्रिया शुरू की जायेगी. उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है.

उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों और अभिभावकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति में शिकायत निवारण पोर्टल शुरू किया गया है. इंटरमीडिएट परिषद कार्यालय में कामकाज को आसान बनाने के लिए एकल खिड़की व्यवस्था भी लागू की गयी है.

स्कूलों में एआई आधारित शिक्षा पर जोर

शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षकों और विद्यार्थियों की सुविधा के लिए शनिवार को अर्धदिवसीय विद्यालय की व्यवस्था की गयी है. विद्यालय भवनों की मरम्मत और रंग-रोगन के साथ प्रयोगशालाओं को आधुनिक उपकरणों से लैस करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि बिहार के विद्यार्थी आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में पीछे नहीं रहें, इसके लिए विद्यालयों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी एआई आधारित शिक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा है. शिक्षा व्यवस्था में तकनीक के इस्तेमाल से विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया जायेगा.

जिलाध्यक्ष ने अंगवस्त्र व पुष्पगुच्छ देकर किया स्वागत

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री राजेश श्रीवास्तव ने किया. जिलाध्यक्ष ने शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया.

स्वागत भाषण में राहुल तिवारी ने कहा कि मंत्री बनने के बाद मिथिलेश तिवारी के पहली बार सीवान आगमन से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता शिक्षा मंत्री के स्वागत और अभिनंदन के लिए काफी उत्साहित थे.

पार्टी के कई पदाधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष नंद प्रसाद चौहान, प्रदेश मंत्री मुकेश कुमार, पूर्व विधान पार्षद मनोज कुमार सिंह, बिहार राज्य नागरिक परिषद के महासचिव राजीव कुमार, धार्मिक न्यास बोर्ड के सदस्य प्रो. अभिमन्यु कुमार सिंह, वरिष्ठ नेता शंभु प्रसाद गुप्ता सहित पार्टी के पदाधिकारी, सभी मोर्चों के जिलाध्यक्ष, प्रकोष्ठ संयोजक, मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री मौजूद रहे.

इसे भी पढ़ें: सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के भतीजे की दवा दुकान में चोरी, शटर तोड़कर 2.67 लाख कैश ले गए चोर; CCTV में पूरी वारदात


विज्ञापन
अमरनाथ शर्मा

लेखक के बारे में

By अमरनाथ शर्मा

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन