सीवान रेल पुलिस का एक्शन: 'खबर का असर' के बाद ट्रेन में तलाशी, 18 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ किशोर पकड़ाया
शराब सहित पकड़ा गया नाबालिग लड़का
ट्रेनों में शराब तस्करी और नाबालिगों के इस्तेमाल पर प्रभात खबर की खबर का असर हुआ है. आरपीएफ ने सीवान में ट्रेन में तलाशी अभियान चलाकर 16 वर्षीय किशोर को 18 लीटर देशी शराब के साथ पकड़ा है. यह कार्रवाई किशोर न्याय अधिनियम के तहत की जा रही है.
Liquor recovered in Siwan train: ट्रेनों के जरिये शराब तस्करी और इस काम में नाबालिगों के इस्तेमाल को लेकर प्रभात खबर डिजिटल पर प्रकाशित खबर का असर हुआ है. खबर में ट्रेनों को शराब तस्करी का जरिया बनाने और कम उम्र के बच्चों के इस्तेमाल से जुड़े मुद्दे को प्रमुखता से उठाये जाने के बाद रेलवे सुरक्षा बल ने निगरानी और जांच अभियान तेज कर दिया है.
इसी अभियान के तहत शनिवार को आरपीएफ पोस्ट सीवान एवं ट्रेन एस्कॉर्ट कंपनी, गोरखपुर की संयुक्त टीम ने गाड़ी संख्या 13020 के एस-3 कोच से एक 16 वर्षीय किशोर को देशी शराब के साथ पकड़ा. उसके पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर बंटी-बबली लाइम देशी शराब के 90 पाउच बरामद हुए.
बैग से बरामद हुई 18 लीटर देशी शराब
आरपीएफ के अनुसार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, वाराणसी एवं सहायक सुरक्षा आयुक्त, छपरा के निर्देश पर ट्रेनों में अपराध नियंत्रण और निगरानी अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान एस-3 कोच में संदिग्ध स्थिति में मिले किशोर की गतिविधियों पर टीम को संदेह हुआ.
जांच के दौरान उसके पिट्ठू बैग से बंटी-बबली लाइम देशी शराब के 90 पाउच बरामद हुए. प्रत्येक पाउच में 200 मिलीलीटर शराब थी. इस तरह कुल 18 लीटर देशी शराब बरामद की गयी, जिसकी अनुमानित कीमत 4,950 रुपये बतायी गयी है.
16 साल के किशोर पर किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई
पकड़े गये किशोर की पहचान गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव निवासी 16 वर्षीय साहिल कुमार सिंह के रूप में हुई है. उम्र कम होने के कारण आरपीएफ ने उसे बाल अपचारी के रूप में अभिरक्षा में लिया है.
आरपीएफ के अनुसार, किशोर के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. वहीं बरामद शराब को विधिवत कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, सीवान को सुपुर्द कर दिया गया है.
मामले में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत कार्रवाई की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल ने उठाया था ट्रेनों में शराब तस्करी का मुद्दा
ट्रेनों में शराब तस्करी के बढ़ते इस्तेमाल और इस धंधे में कम उम्र के बच्चों के इस्तेमाल की आशंका को लेकर प्रभात खबर डिजिटल ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी. खबर में ट्रेनों के जरिये शराब की ढुलाई और तस्करी के लिए नाबालिगों के इस्तेमाल से जुड़े पहलुओं को सामने रखा गया था.
खबर प्रकाशित होने के बाद आरपीएफ ने ट्रेनों में निगरानी और जांच को और गंभीरता से लेते हुए अभियान तेज किया. इसी अभियान के दौरान शनिवार को ट्रेन के एस-3 कोच से 16 वर्षीय किशोर के बैग से शराब बरामद होने का मामला सामने आया.
संयुक्त टीम ने चलाया जांच अभियान
कार्रवाई में आरपीएफ पोस्ट सीवान के उप निरीक्षक जयेंद्र कुमार मिश्रा, ट्रेन एस्कॉर्ट कंपनी गोरखपुर के हेड कांस्टेबल केके सिंह, कांस्टेबल राजेश कुमार यादव तथा आरपीएफ सीवान के कांस्टेबल विजय कुमार यादव, नीरज कुमार पांडेय और विनोद कुमार वर्मा शामिल रहे.
आरपीएफ ने ट्रेनों में संदिग्ध गतिविधियों और सामान की जांच आगे भी जारी रखने की बात कही है. अधिकारियों के अनुसार, शराब तस्करी समेत अन्य अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए ट्रेनों और रेलवे परिसरों में निगरानी लगातार बढ़ायी जा रही है.
इसे भी पढ़ें: सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के भतीजे की दवा दुकान में चोरी, शटर तोड़कर 2.67 लाख कैश ले गए चोर; CCTV में पूरी वारदात
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











