सीवान में जलजमाव से त्रस्त ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, मुख्य सड़क जाम कर किया प्रदर्शन; 50 घरों में भर रहा पानी
सड़क जाम कर प्रदर्शन करते ग्रामीण | Prabhat Khabar Network
सहसरांव गांव के ग्रामीणों ने जलजमाव की समस्या को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग को अवरुद्ध कर दिया. सड़क पर साईफन रखकर यातायात बाधित करने से लोगों को भारी परेशानी हुई.
Siwan News : भगवानपुर हाट प्रखंड के सहसरांव गांव में जलजमाव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने गुरुवार को भगवानपुर हाट-महाराजगंज मुख्य सड़क को घंटों जाम कर दिया. ग्रामीणों ने सड़क पर सीमेंट से बने साईफन को रखकर आवागमन बाधित कर दिया. सड़क जाम होने के कारण दोनों ओर छोटी-बड़ी गाड़ियों की लंबी कतार लग गयी. विश्वकर्मा पूजा और भदई छठ के कारण बाजार आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा.
बारिश होते ही 50 घरों के आसपास भर जाता है पानी
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के बीचों-बीच बने साईफन के माध्यम से गांव के पानी की निकासी होती थी. लेकिन स्थानीय स्तर पर साईफन के आसपास निर्माण कर दिये जाने से पानी की निकासी बाधित हो गयी है. थोड़ी सी बारिश होने पर ही गांव के करीब 50 घरों के आसपास जलजमाव हो जाता है. बारिश के दिनों में लोगों के लिए घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो जाता है.
मरीजों और स्कूली बच्चों को भी परेशानी
ग्रामीणों ने बताया कि जलजमाव के कारण बीमार लोगों, स्कूली बच्चों और गांव में आने वाले मेहमानों को पानी से होकर गुजरना पड़ता है. घरों के आसपास लंबे समय तक पानी जमा रहने से रोजमर्रा के कामकाज भी प्रभावित होते हैं. जलजमाव के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है.
पिछले साल भी किया था सड़क जाम
ग्रामीणों के अनुसार, वे कई वर्षों से जलजमाव की समस्या झेल रहे हैं. पानी की निकासी की व्यवस्था कराने के लिए कई बार प्रशासन से शिकायत की गयी और अधिकारियों के कार्यालय का चक्कर लगाया गया, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ. पिछले वर्ष भी ग्रामीणों ने इसी समस्या को लेकर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था. उस समय अधिकारियों ने आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया था. ग्रामीणों का कहना है कि एक साल बीतने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है.
बीडीओ और सीओ के आश्वासन पर हटाया जाम
सड़क जाम की सूचना मिलने पर बीडीओ प्रियंका कुमारी और सीओ धीरज कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया. उन्होंने जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान कराने का आश्वासन दिया. इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क से जाम हटा लिया और आवागमन सामान्य हो गया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए