सीवान: राष्ट्रीय खेल दिवस पर स्कूलों में गूंजेगा खेल का उत्साह, कम से कम एक घंटा मैदान में पसीना बहाएंगे विद्यार्थी; BEO ने दिए कड़े निर्देश
सीवान जिले के सभी स्कूलों में राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में 'एक घंटा खेल के मैदान में' अभियान चलाया जाएगा. 29 अगस्त को मेजर ध्यानचंद की जयंती पर विशेष खेल उत्सव आयोजित होंगे, जिसमें छात्र-छात्राओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी.
Siwan News: राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के उपलक्ष्य में दरौंदा प्रखंड सहित सीवान जिले के सभी प्रारंभिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में खेलकूद और फिटनेस से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का भव्य आयोजन किया जाएगा. बिहार शिक्षा परियोजना मिशन के निर्देशानुसार, 30 अगस्त तक विद्यालयों में राष्ट्रव्यापी स्तर पर खेल एवं शारीरिक फिटनेस संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. विशेष रूप से 29 अगस्त को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर सभी स्कूलों में विशेष खेल उत्सव आयोजित कर छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया है.
आपके शहर में
इस राष्ट्रव्यापी अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को शारीरिक गतिविधियों के प्रति जागरूक करना, मोबाइल व स्क्रीन की लत से दूर रखना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है.
'एक घंटा खेल के मैदान में' अभियान, खेलेंगे छात्र
शिक्षा विभाग के निर्देश के तहत 'एक घंटा खेल के मैदान में' अभियान चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत प्रत्येक विद्यार्थी को कम से कम एक घंटे तक किसी न किसी खेल अथवा शारीरिक गतिविधि में सक्रिय रूप से भाग लेना अनिवार्य होगा. विद्यालयों में उपलब्ध खेल संसाधनों के अनुरूप फुटबॉल, क्रिकेट, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, योग, एथलेटिक्स और रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी. जिन विद्यालयों में खेल मैदान की कमी है, वहां उपलब्ध स्थान या हॉल में योग, पीटी, इंडोर गेम्स और फिटनेस एक्सरसाइज आयोजित करने का निर्देश दिया गया है.
मेजर ध्यानचंद के जीवन से प्रेरणा लेंगे छात्र, स्थानीय खिलाड़ी करेंगे संवाद
समारोह के दौरान महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के जीवन-संघर्ष, ऐतिहासिक उपलब्धियों और भारतीय खेल जगत में उनके अतुलनीय योगदान से विद्यार्थियों को अवगत कराया जाएगा. विद्यालयों को स्थानीय स्तर पर पूर्व व वर्तमान खिलाड़ियों, खेल प्रशिक्षकों और खेल विशेषज्ञों को आमंत्रित कर विद्यार्थियों के साथ प्रेरणादायक संवाद (टॉक शो) आयोजित करने को कहा गया है, ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की नई दिशा मिल सके.
लापरवाही बरतने वाले प्रधानाध्यापकों पर होगी सख्त कार्रवाई
दरौंदा के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) सौरभ सुमन ने सभी शारीरिक शिक्षकों, सरकारी एवं निजी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का आदेश दिया है. उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिस विद्यालय में कार्यक्रम आयोजित नहीं होगा, वहां के प्रधानाध्यापक के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी. इसके साथ ही सभी स्कूलों को आयोजित कार्यक्रमों की तस्वीरें और वीडियो जिला स्तर पर गठित व्हाट्सएप ग्रुप में अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए