सीवान: सिसवन के बखरी सुंदरबाग अखाड़े में कुश्ती दंगल, विकास, राहुल, विवेक व मघा पहलवान ने जीते रोमांचक मुकाबले
कुश्ती में शामिल पहलवान | Prabhat Khabar Network
सीवान के बखरी गांव स्थित सुंदरबाग मठ के समीप सावन पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित भव्य कुश्ती दंगल प्रतियोगिता में बिहार और उत्तर प्रदेश के करीब एक दर्जन नामी पहलवानों ने हिस्सा लिया. रोमांचक मुकाबलों में कई पहलवानों ने जीत दर्ज कर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी.
Siwan News: सिसवन प्रखंड के बखरी गांव स्थित ऐतिहासिक सुंदरबाग मठ के समीप बने अखाड़े में सावन पूर्णिमा के पावन अवसर पर भव्य कुश्ती दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. दंगल में बिहार और उत्तर प्रदेश के करीब एक दर्जन नामी पहलवानों ने हिस्सा लिया. अखाड़े की माटी में पहलवानों ने धोबी पछाड़, कलाजंग और दांव-पेंच के हैरतअंगेज करतब दिखाकर उपस्थित सैकड़ों दर्शकों की खूब तालियां और वाहवाही बटोरी.
आपके शहर में
रोमांचक मुकाबलों के दौरान कचनार निवासी पहलवान पंचानंद गिरी, सिसवन के विकास पहलवान, कचनार के अभिमन्यु पहलवान तथा मेहरौना (उत्तर प्रदेश) से आए राहुल पहलवान ने अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों को पटखनी देकर शानदार जीत दर्ज की. वहीं विवेक पहलवान और मघा पहलवान भी अपने वर्ग के मुकाबलों में विजेता रहे.
स्वामी जगन्नाथ दास के काल से जारी है अखाड़ा की परंपरा: डॉ. धनंजय यादव
प्रतियोगिता के दौरान राष्ट्रीय स्तर के दिवंगत पहलवान पारस पहलवान के पुत्र प्रोफेसर डॉ. धनंजय यादव ने बताया कि सावन पूर्णिमा के दिन बखरी स्थित स्वामी जगन्नाथ दास जी के समाधि स्थल आनंदबाग में प्रत्येक वर्ष संत समागम और दंगल का आयोजन होता है. स्वामी जगन्नाथ दास जी के समय से ही यहां पारंपरिक अखाड़ा संचालित होता आ रहा है. इस अखाड़े ने रामचंद्र खलीफा, पारस पहलवान, श्रीराम पहलवान और लालबाबू पहलवान जैसे कई राष्ट्रीय व राज्य स्तर के दिग्गज पहलवान दिए हैं, जिन्होंने देश-प्रदेश में क्षेत्र का मान बढ़ाया.
गणमान्य नागरिकों व खेलप्रेमियों ने बढ़ाया पहलवानों का उत्साह
दंगल प्रतियोगिता में पहलवानों का हौसला बढ़ाने के लिए पहलवान परिवार से जुड़े सब-इंस्पेक्टर संजय यादव, एसआई मृत्युंजय यादव, हरेराम यादव, शेषनाथ यादव, पप्पू महिपाल और केशव यादव मुख्य रूप से मौजूद रहे. इसके अलावा समाजसेवी मनोज कुमार यादव, गौतम यादव, पहलवान रमाशंकर यादव और देवब्रत यादव सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमियों ने पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए