सीवान: जीरादेई में पीडीएस राशन वितरण पर सवाल, लाभुकों ने लगाया प्रति यूनिट 4 किलो अनाज देने का आरोप
सीवान के जीरादेई विधानसभा क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राशन वितरण में धांधली का मामला सामने आया है. लाभुकों का आरोप है कि उन्हें प्रति यूनिट 5 किलो के बजाय केवल 4 किलो अनाज मिल रहा है. इस मुद्दे को विधायक ने विधानसभा में उठाया है, जिससे प्रशासन पर निष्पक्ष जांच का दबाव बढ़ गया है.
Siwan public distribution: जीरादेई विधानसभा क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राशन वितरण में कथित अनियमितताओं को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं. लाभुकों का आरोप है कि निर्धारित प्रति यूनिट 5 किलो के बजाय उन्हें केवल 4 किलो अनाज दिया जा रहा है. इसके साथ ही राशन कार्ड बनाने के नाम पर अवैध वसूली की शिकायतें भी सामने आ रही हैं.
विधायक ने विधानसभा में उठाया मुद्दा
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जीरादेई विधायक भीष्म प्रताप सिंह ने विधानसभा के तारांकित प्रश्नकाल के दौरान यह मामला उठाया. उन्होंने पीडीएस डीलरों द्वारा राशन वितरण में कथित गड़बड़ी और एमओ कार्यालय के माध्यम से राशन कार्ड बनाने के नाम पर दो से तीन हजार रुपये तक की अवैध वसूली का मुद्दा भी सदन में रखा.
विधानसभा में प्रशासन का जवाब, जमीनी स्तर पर अलग दावा
विधानसभा में पूछे गए प्रश्न के जवाब में जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि जीरादेई विधानसभा क्षेत्र में लाभुकों को नियमानुसार प्रति यूनिट 5 किलो राशन दिया जा रहा है. हालांकि स्थानीय लोगों का दावा है कि अधिकांश पीडीएस डीलर अभी भी प्रति यूनिट केवल 4 किलो राशन ही वितरित कर रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि जब इस बारे में डीलरों से पूछा जाता है तो उनका जवाब होता है कि उन्हें ऊपर से ही कम राशन मिलता है.
जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग
ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने जिला पदाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं विधिवत जांच कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि प्रशासन सीधे लाभुकों से पूछताछ करे तो वास्तविक स्थिति सामने आ जाएगी.
लोगों ने लगाए ये आरोप
ग्रामीण मनोरंजन श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के किसी भी पीडीएस डीलर द्वारा प्रति यूनिट 5 किलो राशन नहीं दिया जा रहा, बल्कि केवल 4 किलो अनाज ही वितरित किया जा रहा है.
मैरवा नगर पंचायत के चेयरमैन प्रतिनिधि अभिमन्यु कुमार ने कहा कि नगर के विभिन्न वार्डों से लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही हैं. उन्होंने बताया कि इस संबंध में विधायक को पहले ही अवगत कराया जा चुका है. स्थानीय नागरिक सतेंद्र कुशवाहा ने भी जिला पदाधिकारी से निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है.
प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार
लाभुकों का कहना है कि अब उनकी नजर जिला प्रशासन की कार्रवाई पर है. उनका मानना है कि यदि निष्पक्ष जांच कराई गई तो राशन वितरण की वास्तविक स्थिति सामने आ जाएगी.
Also Read: बांकीपुर जीतने के बाद क्या करेंगे प्रशांत किशोर, जानिए जन सुराज का अगला प्लान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











