सीवान: रक्षाबंधन पर भैंसाखाल आवासीय विद्यालय पहुंचे DM विजय प्रकाश मीणा, छात्राओं से संवाद कर बंधवाई राखी; दिए जरूरी निर्देश
राखी बंधवाते डीएम | Prabhat Khabar Network
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर सीवान के DM विजय प्रकाश मीणा ने राजकीय अन्य पिछड़ा वर्ग बालिका आवासीय विद्यालय, भैंसाखाल का दौरा किया. उन्होंने छात्राओं से आत्मीय संवाद कर उनकी पठन-पाठन, आवास और भोजन व्यवस्था की हकीकत जानी. छात्राओं ने अपनी मांगों को बेझिझक रखा, जिस पर DM ने अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए.
Siwan News: रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जिला पदाधिकारी (DM) विजय प्रकाश मीणा शुक्रवार को जीरादेई प्रखंड के भैंसाखाल स्थित राजकीय अन्य पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग बालिका आवासीय विद्यालय पहुंचे. त्योहार के दिन जिले के सर्वोच्च प्रशासनिक अधिकारी को अपने बीच पाकर आवासीय परिसर की छात्राएं खुशी से झूम उठीं. डीएम ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण करने के साथ-साथ करीब 40 छात्राओं से एक-एक कर आत्मीय संवाद किया और उनके पठन-पाठन, आवास, भोजन व खेलकूद व्यवस्था की जमीनी हकीकत जानी.
आपके शहर में
छात्राओं ने बातचीत के दौरान बताया कि सीवान के अलावा समस्तीपुर, दरभंगा और बेतिया जैसे दूरदराज जिलों की छात्राएं भी यहां रहकर पढ़ाई कर रही हैं.
छात्राओं ने बेझिझक रखीं अपनी मांगें
संवाद के दौरान छात्राओं ने भोजन के मेन्यू में सुधार करने, नई खेल सामग्री उपलब्ध कराने, परिसर के खेल मैदान को समतल व दुरुस्त करने तथा प्राथमिक उपचार के लिए मचकना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) को विद्यालय से टैग करने का अनुरोध किया. डीएम ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को इन सभी बिंदुओं पर अविलंब संज्ञान लेते हुए समस्याओं का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया.
पेयजल और भोजन की नियमित जांच
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि विद्यालय में उपलब्ध पेयजल की प्रत्येक माह गुणवत्ता जांच कराई जाए. इसके अलावा नाश्ते और भोजन में दिए जाने वाले फल व राशन सामग्री की नियमित जांच खाद्य सुरक्षा निरीक्षक (Food Inspector) से कराने को कहा. छात्राओं के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए नियमित मेडिकल कैंप लगाने और विद्यालय में एक स्थायी एएनएम या आशा कार्यकर्ता की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का आदेश दिया.
संवाद के दौरान डीएम ने अपने जीवन के संस्मरण साझा करते हुए छात्राओं को कड़े अनुशासन, कड़ी मेहनत और बड़े लक्ष्य तय कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम के समापन पर छात्राओं ने आत्मीय भाव से डीएम की कलाई पर रक्षासूत्र बांधा, जिस पर जिलाधिकारी ने सभी बेटियों को उपहार व उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए