सीवान के सिसवन के चैनपुर बाजार में फिर बढ़ा अतिक्रमण, सड़क पर जाम से लोग परेशान; दोबारा बुलडोजर अभियान की मांग

Updated:
विज्ञापन

सड़क से सटे ठेलो पर लगी दुकानें

सीवान के सिसवन प्रखंड के चैनपुर बाजार में अतिक्रमण ने फिर से विकराल रूप ले लिया है. मुख्य सड़क पर अस्थायी दुकानों और निर्माण के कारण लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है. स्थानीय लोग प्रशासन से दोबारा बुलडोजर अभियान चलाने की मांग कर रहे हैं.

विज्ञापन

सीवान: सिसवन प्रखंड के चैनपुर बाजार की मुख्य सड़क पर एक बार फिर अतिक्रमण का दायरा बढ़ने लगा है. सड़क के दोनों किनारों पर अस्थायी दुकानें, ठेले, टीन शेड और अन्य निर्माण होने से राहगीरों एवं वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. लगातार बढ़ते अतिक्रमण से सड़क की चौड़ाई कम हो गई है, जिससे बाजार में दिनभर जाम जैसी स्थिति बनी रहती है.

तीन साल पहले चला था बुलडोजर अभियान

स्थानीय लोगों के अनुसार करीब तीन वर्ष पहले पथ निर्माण विभाग और स्थानीय प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को बुलडोजर की मदद से हटाया था. उस समय अतिक्रमणकारियों को दोबारा कब्जा नहीं करने की सख्त चेतावनी भी दी गई थी.

हालांकि, कुछ दिनों तक स्थिति सामान्य रहने के बाद धीरे-धीरे सड़क के दोनों ओर फिर से अतिक्रमण शुरू हो गया और अब बाजार में पहले जैसी समस्या दोबारा खड़ी हो गई है.

वाहन चालकों और राहगीरों की बढ़ी मुश्किलें

बाजार आने वाले लोगों का कहना है कि अतिक्रमण के कारण बड़े वाहनों के गुजरने में काफी कठिनाई होती है. पैदल चलने वाले लोगों को भी सड़क पर उतरकर चलना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. सुबह और शाम के समय अधिक भीड़ होने के कारण यातायात व्यवस्था और अधिक प्रभावित हो जाती है.

प्रशासन से फिर अभियान चलाने की मांग

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पुनः अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में चैनपुर बाजार की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा सकती है.

2023 में स्टेट हाईवे-89 पर हुई थी कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2023 में स्टेट हाईवे-89 के चैनपुर बाजार स्थित 28वें किलोमीटर पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए सिसवन अंचल कार्यालय में अतिक्रमण वाद चलाया गया था. अतिक्रमण हटाने के लिए सितंबर 2023 तक की समय-सीमा तय की गई थी.

तत्कालीन अंचल अधिकारी सतीश कुमार ने पथ निर्माण विभाग से जेसीबी मशीन, अमीन और मजदूर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था. पथ प्रमंडल, सीवान के कार्यपालक अभियंता ने अमीन उपलब्ध नहीं होने की जानकारी देते हुए एक जेसीबी मशीन और 10 मजदूर उपलब्ध कराने का आदेश दिया था. इसके बाद संयुक्त अभियान चलाकर सड़क किनारे के अतिक्रमण को हटाया गया था.

Also Read: बांकीपुर जीतने के बाद क्या करेंगे प्रशांत किशोर, जानिए जन सुराज का अगला प्लान


विज्ञापन
Abhay Kumar

लेखक के बारे में

By Abhay Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन