सीवान: बोलेरो से 146.88 लीटर शराब बरामद, तस्कर वाहन छोड़कर फरार

जब्त शराब के साथ उत्पाद टीम | Prabhat Khabar Network
सीवान के धरनी छपार चेक पोस्ट पर उत्पाद विभाग ने एक बोलेरो से 146 लीटर से अधिक अंग्रेजी शराब बरामद की है। तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहा।
Siwan News : सीवान उत्पाद विभाग की टीम ने रविवार की सुबह मैरवा थाना क्षेत्र के धरनी छपार चेक पोस्ट के समीप कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो से 146.880 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की. हालांकि कार्रवाई के दौरान शराब तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गया. उत्पाद विभाग ने बोलेरो जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
यूपी से शराब की खेप आने की मिली थी सूचना
उत्पाद निरीक्षक सह सदर थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से बोलेरो के माध्यम से शराब की खेप लाई जा रही है. सूचना के आधार पर धरनी छपार चेक पोस्ट के समीप घेराबंदी कर छापेमारी की गई. पुलिस को देखते ही तस्कर बोलेरो छोड़कर फरार हो गया. तलाशी के दौरान वाहन से 146.880 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई.
ग्रामीणों का दावा, एक तस्कर पकड़ा गया
वहीं ग्रामीणों का दावा है कि उत्पाद विभाग की टीम ने नवादा गांव के नहर के समीप स्थित पोखरे के पास बोलेरो का पीछा कर उसे रोका था. उनके अनुसार एक तस्कर पानी के रास्ते भाग निकला, जबकि दूसरे को टीम ने पकड़ लिया. ग्रामीणों का कहना है कि गिरफ्तार व्यक्ति मौके पर मौजूद लोगों से मोबाइल फोन मांगकर किसी से बात करने की कोशिश करता रहा, लेकिन किसी ने उसे फोन नहीं दिया. बाद में टीम बोलेरो, शराब और कथित रूप से पकड़े गए व्यक्ति को अपने साथ लेकर चली गई.
उत्पाद विभाग ने गिरफ्तारी से किया इनकार
उत्पाद निरीक्षक शैलेंद्र कुमार ने ग्रामीणों के दावे का खंडन करते हुए कहा कि इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी ही सही है और बोलेरो से शराब बरामद होने के बाद तस्कर मौके से फरार हो गया.
ग्रामीणों में बनी चर्चा
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं. ग्रामीणों का कहना है कि शराब तस्करी के मामलों में अक्सर कार्रवाई के दौरान तस्करों को पकड़ने की बात सामने आती है, लेकिन कुछ ही समय बाद उनके दोबारा क्षेत्र में दिखाई देने की चर्चा भी होती रहती है. हालांकि इस मामले में उत्पाद विभाग ने केवल शराब बरामदगी और वाहन जब्ती की पुष्टि की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










