सीवान में झमाझम बारिश से किसानों के खिले चेहरे, धान की रोपनी 50 प्रतिशत के पार

Author Manish giri|Edited by Yuvraj Ratan
Updated:
विज्ञापन
सीवान में आधी रात से झमाझम बरसे बदरा, 20 मिमी से अधिक हुई बारिश, धान की रोपनी का आंकड़ा 50 फीसदी के पार

झमाझम बारिश के बाद खेत में लगा पानी

Siwan News : सीवान जिले में हुई झमाझम बारिश ने किसानों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है. बारिश के बाद धान की रोपनी ने रफ्तार पकड़ ली है और 50% से अधिक लक्ष्य पूरा हो चुका है. मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में और बारिश की संभावना जताई है.

विज्ञापन

Siwan News : जिले में रविवार की आधी रात से शुरू हुई झमाझम बारिश ने किसानों के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी है. सोमवार सुबह तक लगातार हुई वर्षा के दौरान जिले में 20 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई. लंबे समय से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के लिए यह वर्षा किसी वरदान से कम नहीं मानी जा रही है. खेतों में पर्याप्त पानी भर जाने से धान की रोपनी ने रफ्तार पकड़ ली है. कृषि विभाग के अनुसार जिले में धान की रोपनी का आंकड़ा 50 प्रतिशत के पार पहुंच गया है.

1.03 लाख हेक्टेयर में रोपनी का लक्ष्य, आधे से अधिक कार्य पूरा

कृषि विभाग के अनुसार जिले में 1,03,667 हेक्टेयर क्षेत्र में धान की रोपनी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. अब तक 50 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में रोपनी पूरी हो चुकी है. अधिकारियों का कहना है कि यदि अगले दो-तीन दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहा तो रोपनी का प्रतिशत तेजी से बढ़ेगा और निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा होने की उम्मीद है.

बारिश से पहले पानी के अभाव में रुकी थी रोपनी

पिछले कई दिनों से पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण किसान चिंतित थे. कई स्थानों पर खेत तैयार होने के बावजूद पानी की कमी के कारण धान की रोपनी का कार्य रुका हुआ था. रविवार देर रात मौसम ने करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई. सोमवार सुबह तक लगातार हुई वर्षा से खेत लबालब हो गए. इसके बाद किसान बड़ी संख्या में खेतों में उतर गए और रोपनी का कार्य तेज हो गया.

कृषि विशेषज्ञों ने बताया खरीफ फसलों के लिए लाभदायक

कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि समय पर हुई यह बारिश खरीफ फसलों, विशेषकर धान के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी. धान की नर्सरी पहले से तैयार थी, लेकिन खेतों में पर्याप्त पानी नहीं होने के कारण रोपाई प्रभावित हो रही थी. अब बारिश के बाद रोपनी में तेजी आने से खेती का कार्य निर्धारित समय के भीतर पूरा होने की संभावना बढ़ गई है. यदि अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होती रही तो जिले में धान की रोपनी का लक्ष्य समय पर पूरा किया जा सकेगा.

बारिश से मौसम हुआ सुहावना, कई इलाकों में जलजमाव

लगातार हुई बारिश का असर आम जनजीवन पर भी देखने को मिला. वर्षा के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली. सुबह से चल रही ठंडी हवाओं के कारण मौसम सुहावना बना रहा. हालांकि शहर के कुछ निचले इलाकों और प्रमुख सड़कों पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

अगले 48 घंटे तक बारिश के आसार, किसानों को दी गई सलाह

मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों के दौरान जिले में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना जताई है. किसानों को खेतों में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था बनाए रखने और मौसम की स्थिति को देखते हुए धान की रोपनी का कार्य जल्द पूरा करने की सलाह दी गई है. अच्छी बारिश के बाद किसानों में उत्साह का माहौल है. उन्हें उम्मीद है कि इस वर्ष धान की बेहतर पैदावार होगी. वहीं, लगातार हो रही वर्षा ने खेती-किसानी को नई रफ्तार देने के साथ-साथ लोगों को भी भीषण गर्मी से राहत दिलाई है.

Also Read : अनियमितता और दुर्व्यवहार के आरोप में प्रभारी प्रधानाध्यापक निलंबित, विभागीय जांच शुरू



विज्ञापन
Manish Giri

लेखक के बारे में

By Manish Giri

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन