अल्प वर्षा के कारण जिले में उत्पन्न हुई जल संकट

Published by : VINAY PANDEY Updated At : 30 Jul 2025 7:23 PM

विज्ञापन

जिले में अल्प वर्षा के कारण जल संकट की स्थिति उत्पन्न हुई है. जिला प्रशासन पूरी गंभीरता व तत्परता के साथ कार्य कर रहा है.

विज्ञापन

डुमरा. जिले में अल्प वर्षा के कारण जल संकट की स्थिति उत्पन्न हुई है. जिला प्रशासन पूरी गंभीरता व तत्परता के साथ कार्य कर रहा है. उक्त बातें डीएम रिची पांडेय ने बुधवार को समाहरणालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कही. उन्होंने बताया कि जुलाई माह में जहां सामान्य वर्षापात 372 मिमी के विरुद्ध अबतक मात्र 73.6 मिमी वर्षा हुई है, जो सामान्य से लगभग 80 फीसदी कम है. इसी तरह जून में भी 190.8 मिमी के सापेक्ष मात्र 32.4 मिमी वर्षा दर्ज की गयी, जो 83 फीसदी की कमी को दर्शाता है. इसका सीधा असर जिले के कुछ क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति पर पड़ा है.

— 186 वार्ड जल संकट से प्रभावित

वर्तमान में जिले के 14 प्रखंडों की 80 पंचायतों के 186 वार्ड जल संकट से प्रभावित है. इन क्षेत्रों में 126 वाटर टैंकरों के माध्यम से नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है. बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में कुल 1181 योजनाओं में से 1174 योजनाएं सुचारू रूप से संचालित की जा रही है व शेष योजनाओं को भी शीघ्र प्रारंभ करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है.

— 4228 चापाकलों की हुई मरम्मति

अब तक जिले में 4228 चापाकलों की मरम्मती, 70 नए चापाकलों का अधिष्ठापन व 500 नए चापाकलों की अनुशंसा की गयी है. मरम्मत कार्य के लिए 233 दल नल-जल योजनाओं में और 34 दल चापाकल मरम्मत में कार्यरत है. लापरवाही बरतने पर दो संवेदकों को डिबार भी किया गया है. डीएम ने यह भी जानकारी दी कि वर्तमान जल संकट की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है व सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि पेयजल आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा नहीं होनी चाहिए. विद्युत आपूर्ति को लेकर भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि जल आपूर्ति योजनाएं निर्बाध रूप से चलती रहे.

— 65 फीसदी हुई धान का आच्छादन

कृषि क्षेत्र की स्थिति को लेकर बताया कि अब तक जिले में 65.90 फीसदी धान की रोपनी पूर्ण हो चुकी है, जिससे यह संकेत मिलता है कि कृषि कार्य भी प्रशासनिक प्रयासों से गति पकड़ रहा है. उम्मीद हैं कि 10 से 15 दिनों में शत-प्रतिशत धान की रोपनी पूर्ण हो जाएगी. इस मौके पर अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन बृजकिशोर पांडेय, कार्यपालक अभियंता पीएचइडी अरुण प्रकाश व डीपीआरओ कमल सिंह समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
VINAY PANDEY

लेखक के बारे में

By VINAY PANDEY

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन