एक रात... तीन घर... 7.50 लाख की चोरी, फिर चोर का ऐसा फोन कॉल जिसने सबको चौंका दिया

घर में टुटा बक्सा
पुपरी के भहमा गांव में चोरों ने एक ही रात तीन घरों से करीब 7.50 लाख रुपये की नगदी और जेवर चुरा लिए. चौंकाने वाली बात यह है कि चोरी हुए मोबाइल पर कॉल करने पर चोर ने सामान लौटाने के बदले पासवर्ड की मांग की. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Pupri News: सीतामढ़ी के पुपरी थाना क्षेत्र के भहमा गांव में चोरों ने एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाकर करीब 7.50 लाख रुपये की नगदी, आभूषण और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया. वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है.
घटना के बाद एक और बात ने सभी को चौंका दिया. चोरी हुए मोबाइल पर कॉल करने पर फोन उठाने वाले ने कथित तौर पर कहा, "अपने मोबाइल का पासवर्ड बता दो, तो तुम्हारा चोरी का सारा सामान लौटा देंगे."
पहले घर से नगदी और जेवर समेटे
जानकारी के अनुसार, वार्ड संख्या-18 निवासी राकेश पासवान के घर का ताला तोड़कर चोरों ने करीब 2 लाख रुपये के सोने के आभूषण, घर निर्माण के लिए रखे 2.50 लाख रुपये नगद और एक कीमती मोबाइल फोन चोरी कर लिया.
चोरों ने बक्से और अलमारी का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया.
दूसरे घर में भी लाखों के जेवर पर हाथ साफ
इसके बाद चोर नागेश्वर साह के घर पहुंचे. यहां से करीब एक लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और तीन हजार रुपये नगद चोरी कर लिए.
लगातार दो घरों में चोरी की घटना से ग्रामीणों में दहशत फैल गई.
तीसरे घर से पेटी उठाई, रास्ते में छोड़कर भागे
चोरों ने रंजीत पासवान के घर को भी निशाना बनाया. वहां से एक कीमती पेटी उठाकर ले गए.
हालांकि पेटी में कोई कीमती सामान नहीं मिलने पर उसे रास्ते में ही छोड़कर फरार हो गए.
मोबाइल पर आया कॉल, चोर ने रखी शर्त
पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरी हुए मोबाइल नंबर पर कॉल करने पर सामने वाले व्यक्ति ने फोन उठाया और कथित तौर पर मोबाइल का पासवर्ड बताने के बदले चोरी का सामान लौटाने की बात कही.
पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया.
पुलिस ने तीनों पीड़ित परिवारों के बयान दर्ज कर लिए हैं और चोरी में शामिल आरोपितों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है. आसपास के संभावित साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










