दहेज हत्या के विरोध में रून्नीसैदपुर में निकला कैंडल मार्च, आरोपियों को फांसी की मांग

फोटो - कैंडल मार्च में शामिल ग्रामीण | Prabhat Khabar Network
सीतामढ़ी में दहेज हत्या के विरोध में ग्रामीणों ने सड़कों पर उतरकर रोष जताया. मधु कुमारी को न्याय दिलाने के लिए कैंडल मार्च निकाला गया. आरोपियों को फांसी देने की मांग ज़ोरों पर है.
Sitamarhi Dowry Murder: गाढ़ा थाना क्षेत्र के मानिकचौक गांव की बेटी मधु कुमारी की कथित दहेज हत्या के विरोध में रविवार देर शाम ग्रामीणों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा. स्व. विनोद झा की बेटी की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए गांव में विशाल कैंडल मार्च निकाला. मार्च के दौरान लोगों की आंखों में आंसू और जुबान पर आरोपियों के खिलाफ सख्त आक्रोश देखने को मिला.
मानिकचौक मठ से गाढ़ा थाना तक गुंजायमान हुए नारे
यह कैंडल मार्च मानिकचौक मठ से प्रारंभ होकर महारानी स्थान और कमलदह होते हुए गाढ़ा थाना बाजार के पास पहुंचा. हाथों में जलती मोमबत्तियां लिए ग्रामीण 'हत्यारे को फांसी दो' और 'रून्नीसैदपुर की बेटी को इंसाफ दो' के गगनभेदी नारे लगा रहे थे. पूरे रास्ते में लोगों की मांग थी कि पीड़ित परिवार को तुरंत न्याय मिले और आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए.
सभा कर की गई त्वरित गिरफ्तारी और फांसी की मांग
थाना के समीप पहुंचकर कैंडल मार्च एक सभा में तब्दील हो गया. सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि इस जघन्य हत्याकांड के सभी दोषियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी होनी चाहिए. उन्होंने कानून प्रशासन से मामले का स्पीडी ट्रायल चलाकर आरोपियों को फांसी की सजा देने की पुरजोर मांग की.
कैंडल मार्च में शामिल हुए कई गणमान्य लोग
इस विरोध प्रदर्शन में गांव के आम लोगों के साथ-साथ कई स्थानीय प्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे. मार्च में गोपाल झा. नीरज कुमार ठाकुर. कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष विजय सिंह राठौर. संजीत कुमार छोटू. विजय कुमार झा. मुखिया रामनारायण साह. शिवचंद्र पंडित और चंदन यादव समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर न्याय की आवाज बुलंद कर रहे थे.
ये भी पढ़ें: वार्ड-17 की बदहाली, दो-दो जलमीनारें फेल, नाव और चचरी के सहारे कट रही लोगों की जिंदगी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










