Sitamarhi News: निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1.45 लाख रुपये घूस लेते जूनियर इंजीनियर रंगे हाथ गिरफ्तार

Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 15 May 2026 2:45 PM

विज्ञापन

निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई

Sitamarhi News:सीतामढ़ी के पुपरी नगर परिषद में निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जूनियर इंजीनियर विजय कुमार शर्मा को 1.45 लाख रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई से दफ्तर में हड़कंप मच गया है.पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

Sitamarhi News:सीतामढ़ी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है.पुपरी नगर परिषद कार्यालय में तैनात जूनियर इंजीनियर (JE) विजय कुमार शर्मा को भारी भरकम रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है. निगरानी की इस अचानक हुई कार्रवाई से नगर परिषद कार्यालय सहित पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंपमच गया है.

एक लाख पैंतालीस हजार रुपये रिश्वत लेते दबोचा

मिली जानकारी के अनुसार, जूनियर इंजीनियर विजय कुमार शर्मा ने एक विभागीय मामले में अनुचित सुविधा देने के बदले एक लाख पैंतालीस हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी.पीड़ित की शिकायत पर निगरानी विभाग ने मामले का सत्यापन कराया और जाल बिछाया. जैसे ही परिवादी ने पुपरी नगर परिषद कार्यालय में जेई को केमिकल लगे नोटों की गड्डी सौंपी, पहले से घात लगाए बैठी निगरानी की विशेष टीम ने उन्हें रंगे हाथ धर दबोचा.

रिश्वत के सिंडिकेट की चर्चा जोरों पर

स्थानीय स्तर पर यह चर्चा जोरों पर है कि गिरफ्तार जूनियर इंजीनियर लंबे समय से अपने पद का दुरुपयोग कर अवैध उगाही में संलिप्त थे. निगरानी टीम के हत्थे चढ़ने के बाद कार्यालय में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. सूत्रों के मुताबिक, स्थानीय लोगों में यह बात आम है कि रिश्वत के इस खेल का पैसा सिर्फ जेई तक सीमित नहीं रहता था, बल्कि इसका एक बड़ा हिस्सा नगर परिषद के वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर अन्य कर्मियों के सिंडिकेट में वितरित होता था.

मामले की जांच में जुटी निगरानी टीम

निगरानी विभाग के डीएसपी पवन कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी इंजीनियर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. निगरानी की टीम गिरफ्तार जेई को अपने साथ पटना ले गई है, जहां विशेष अदालत में उन्हें पेश किया जाएगा. पुलिस इस मामले से जुड़े अन्य कड़ियों को भी खंगालने में जुटी है.

सीतामढ़ी से अमिताभ कुमार की रिपोर्ट

विज्ञापन
SUMIT KUMAR

लेखक के बारे में

By SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन