Sitamarhi News: सीएसपी संचालक की गोली मारकर हत्या, रुपये लूटकर फरार हुए बाइक सवार अपराधी

Updated:
विज्ञापन
Sitamarhi News:सीएसपी संचालक की गोली मारकर हत्या, रुपये लूटकर फरार हुए बाइक सवार अपराधी

सीएसपी संचालक की गोली मारकर हत्या

Sitamarhi News:सीतामढ़ी के नानपुर में बाइक सवार अपराधियों ने सीएसपी संचालक सुंदर कुमार यादव की गोली मारकर हत्या कर दी और रुपये लूटकर फरार हो गए. घटना के विरोध में आक्रोशित लोगों ने स्टेट हाईवे जाम कर जमकर हंगामा किया…

विज्ञापन

सीतामढ़ी से अमिताभ कुमार और बिट्टू कुमार की रिपोर्ट

Sitamarhi News:सीतामढ़ी जिले के नानपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहाँ मोहनी महुआ गाछी में अपराधियों ने पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के सीएसपी संचालक और मोबाइल दुकानदार सुंदर कुमार यादव की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी रुपये से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए. मृतक की पहचान मोहनी गांव निवासी स्वर्गीय त्रिवेणी राय के पुत्र सुंदर कुमार यादव के रूप में हुई है, जो क्षेत्र के पूर्व मुखिया जय नारायण के भतीजे थे. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.

विरोध करने पर अपराधियों ने मारी तीन गोलियां

जानकारी के अनुसार सुंदर कुमार यादव सीएसपी संचालन के साथ-साथ मोबाइल की दुकान भी चलाते थे. देर शाम वह अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे. इसी दौरान बाइक पर सवार तीन बेखौफ अपराधियों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया और रुपये से भरा बैग छीनने का प्रयास किया. जब सुंदर कुमार ने इसका विरोध किया, तो अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां बरसा दीं. गोली लगते ही सुंदर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और अपराधी रकम लूटकर फरार हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सीतामढ़ी रेफर कर दिया गया. हालांकि, सीतामढ़ी ले जाने के क्रम में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

आक्रोशित ने हाईवे-57 किया जाम, भारी पुलिस बल तैनात

हत्या की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई, जिससे स्थानीय ग्रामीण बेहद आक्रोशित हो गए. गुस्साए लोगों ने मोहनी चौक पर स्टेट हाईवे-57 को जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया. ग्रामीण अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे थे. तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए नानपुर थानाध्यक्ष देवव्रत कुमार और पुअनि चितरंजन कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. आसपास के कई थानों की पुलिस को भी तैनात किया गया. बाद में अधिकारियों द्वारा अपराधियों को जल्द पकड़ने के आश्वासन के बाद जाम को समाप्त कराया जा सका. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अपराधियों की पहचान के लिए छापेमारी कर रही है.

विज्ञापन
Sumit Kumar

लेखक के बारे में

By Sumit Kumar

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन