सीतामढ़ी: सरहद के प्रहरियों ने बढ़ाई देश की हरियाली, भारत-नेपाल सीमा पर चला अभियान
Published by : Purushottam Kumar Updated At : 05 Jun 2026 1:35 PM
पकटोला स्थित एसएसबी 20वीं वाहिनी मुख्यालय में पौधारोपण करते कार्यवाहक कमांडेंट
Sitamarhi News: भारत-नेपाल सीमा पर तैनात 20वीं वाहिनी एसएसबी सीतामढ़ी ने विश्व पर्यावरण दिवस पर लगाए 1100 पौधे. कार्यवाहक कमांडेंट मुकेश कुमार गुर्जर के नेतृत्व में जवानों ने ली सिंगल-यूज प्लास्टिक न उपयोग करने की शपथ. जानिए खबर विस्तार से…
Sitamarhi News: विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर शुक्रवार (5 जून 2026) को भारत-नेपाल सीमा पर मुस्तैदी से तैनात 20वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB), सीतामढ़ी की ओर से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए एक वृहद पौधारोपण अभियान चलाया गया. कार्यवाहक कमांडेंट मुकेश कुमार गुर्जर के कुशल नेतृत्व में वाहिनी मुख्यालय पकटोला, सभी समवाय मुख्यालयों (कंपनियों) और सुदूर सीमावर्ती अग्रिम चौकियों के क्षेत्रों में एक साथ कुल 1100 फलदार, छायादार और औषधीय प्रजातियों के पौधे रोपे गए.
सीमा की सुरक्षा के साथ धरती को हरा-भरा रखना कर्तव्य
पौधारोपण के उपरांत आयोजित सैनिक सम्मेलन में जवानों को संबोधित करते हुए कार्यवाहक कमांडेंट मुकेश कुमार गुर्जर ने पर्यावरण के महत्व पर विशेष प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने के साथ-साथ अपनी मातृभूमि और धरती को हरा-भरा व प्रदूषण मुक्त रखना भी हम सभी राष्ट्र रक्षकों का परम कर्तव्य है. उन्होंने केवल पौधा लगाने पर ही बल नहीं दिया, बल्कि सभी जवानों को आज रोपे गए सभी 1100 पौधों को जीवित रखने और उनके पूरी तरह बड़े होने तक उनकी नियमित देखरेख करने का एक बड़ा संकल्प भी दिलाया. सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बलों द्वारा चलाई गई इस हरित पहल की स्थानीय ग्रामीणों ने भी खुले दिल से सराहना की है.
सरहद पर गूंजा स्वच्छता का संदेश
कार्यक्रम के अंतिम चरण में वाहिनी मुख्यालय सहित सभी समवाय चौकियों पर एक विशेष शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया. इसमें मौजूद सभी सैन्य कार्मिकों और अधिकारियों ने देश को स्वच्छ पर्यावरण देने तथा दैनिक जीवन में ‘सिंगल-यूज प्लास्टिक’ (Single-use Plastic) का उपयोग पूरी तरह बंद करने की कसम खाई. जवानों ने संकल्प लिया कि वे न सिर्फ स्वयं प्लास्टिक का बहिष्कार करेंगे, बल्कि सीमावर्ती गांवों में रहने वाले नागरिकों को भी इसके खतरों के प्रति जागरूक करेंगे. इस मौके पर वन-मित्रों की सहायता से सीमा सुरक्षा और पर्यावरण संतुलन को एक साथ मजबूत करने पर जोर दिया गया.
सीतामढ़ी से राकेश कुमार राज की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










