भारत-नेपाल बॉर्डर पर बांस की झाड़ी से 1320 बोतल कोरेक्स संग दो तस्कर गिरफ्तार, सीमा पर सुरक्षा सख्त
Published by : Purushottam Kumar Updated At : 06 Jun 2026 1:04 PM
गिरफ्तार तस्कर
Sitamarhi News: भारत-नेपाल सीमा पर सोनबरसा के इंदरवा बीओपी के जवानों ने 132 लीटर प्रतिबंधित कोरेक्स सिरप के साथ तस्कर विन्देश्वर यादव और हरिनारायण पासवान को दबोचा. एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज. जानिए खबर बिस्तार से…
Sitamarhi News: भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 51वीं बटालियन के अंतर्गत इंदरवा बॉर्डर आउट पोस्ट (BOP) के जवानों ने शुक्रवार की देर रात एक बड़ी और कड़क कार्रवाई को अंजाम दिया है. एसएसबी की टीम ने सीमा क्षेत्र से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवा ‘कोरेक्स’ की एक बड़ी खेप को जब्त करते हुए मौके से दो शातिर तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. बरामद की गई नशीली दवाओं को भारतीय क्षेत्र से तस्करी के जरिए नेपाल भेजने की पूरी तैयारी कर ली गई थी, जिसे जवानों ने अपनी मुस्तैदी से नाकाम कर दिया.
बांस की झाड़ी में छुपा रखी थीं बोरियां
एसएसबी की कड़ाई से की गई इस कार्रवाई में गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान सोनबरसा थाना क्षेत्र के ही इंदरवा गांव निवासी स्वर्गीय राम एकवाल राय के पुत्र विन्देश्वर यादव तथा इंदल पासवान के पुत्र हरिनारायण पासवान के रूप में की गई है. इंदरवा बीओपी के कंपनी कमांडर सह सहायक कमांडेंट सुजीत कुमार ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि एसएसबी को एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि इंदरवा सीमा क्षेत्र के पास भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोरेक्स सिरप को जमा किया गया है.
सूचना की संवेदनशीलता को देखते हुए कंपनी कमांडर द्वारा तत्काल एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. इस विशेष टीम का नेतृत्व इंदरवा बीओपी कमांडर व उप निरीक्षक दर्शन सिंह कर रहे थे, जिसमें सहायक उप निरीक्षक योगेन्द्र शर्मा, मुख्य आरक्षी रूप चन्द्र सरोज, प्रदोष कुमार, कमलेश राणा तथा सरोज कुमार सहित अन्य जवान कड़े सुरक्षा घेरे के साथ शामिल थे.
एक ही गांव का रहने वाले हैं दोनों तस्कर
एसएसबी की इस विशेष टीम ने भारत-नेपाल सीमा के अंतर्राष्ट्रीय पिलर संख्या 321 से लगभग 200 मीटर अंदर भारतीय सीमा क्षेत्र में स्थित इंदरवा गांव के समीप एक बांस की झाड़ी (बांसवारी) में कड़ाई से घेराबंदी कर अचानक छापेमारी की. छापेमारी के दौरान वहाँ दोनों तस्कर पांच जूट की बोरियों में रखी नशीली दवा की खेप को सीमा पार नेपाल के सखुआवा क्षेत्र में डिलीवर करने की फिराक में थे. जवानों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को मौके पर ही चारों तरफ से दबोच लिया.
132 लीटर प्रतिबंधित कोरेक्स बरामद
जवानों द्वारा जब जूट की उन पांचों बोरियों की कड़ाई से तलाशी ली गई, तो उसके भीतर से प्रतिबंधित नशीली दवा कोरेक्स की कुल 1320 बोतलें बरामद हुईं. जब्त की गई इस खेप की कुल मात्रा 132 लीटर बताई जा रही है.
एनडीपीएस एक्ट के तहत भेजे गए जेल
ॉमामले की पुष्टि करते हुए सोनबरसा थाना अध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि एसएसबी द्वारा सौंपे गए दोनों आरोपितों तथा बरामद नशीली दवा को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है. दोनों तस्करों के विरुद्ध मादक द्रव्य एवं मनोतेजक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) की संबंधित कड़क धाराओं के तहत नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आवश्यक पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
सीमा क्षेत्र में एसएसबी की इस त्वरित कार्रवाई को नशीले पदार्थों के अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है. एसएसबी द्वारा लगातार की जा रही इस तरह की घेराबंदी से सीमा पार नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त तस्करों और उनके आकाओं में हड़कंप मचा हुआ है. स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों ने भी एसएसबी की इस मुस्तैदी की जमकर सराहना की है और युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए सीमा क्षेत्र में ऐसी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रखने की पुरजोर मांग की है.
सीतामढ़ी के सोनबरसा से वीरेन्द्र कुमार यादव की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










