Sitamarhi News: सोने पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ने का दिखने लगा असर, सर्राफा बाजार में पसरा सन्नाटा

Author :SUMIT KUMAR
Published by :SUMIT KUMAR
Updated at :13 May 2026 8:18 PM
विज्ञापन
Sitamarhi News:सोने पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ने का दिखने लगा असर, सर्राफा बाजार में पसरा सन्नाटा

सर्राफा बाजार में पसरा सन्नाटा

Sitamarhi News: सोने पर इंपोर्ट ड्यूटी 6 से बढ़कर 15% होने के बाद सीतामढ़ी के सर्राफा बाजार में मंदी छा गई है. शादी के सीजन में भी दुकानें खाली हैं और ग्राहकों ने ऊंचे दाम के कारण सोने की खरीदारी घटा दी है.पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

Sitamarhi News:केंद्र सरकार द्वारा सोने पर इंपोर्ट ड्यूटी को 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत किए जाने का सीधा असर सीतामढ़ी के सर्राफा बाजार पर दिखने लगा है. फैसले के पहले ही दिन शहर के मुख्य व्यावसायिक केंद्र ‘सोनापट्टी’ में सन्नाटा पसरा रहा. शादी-ब्याह के लगन का मौसम होने के बावजूद बाजार से रौनक पूरी तरह गायब है. कई दुकानें दोपहर तक बंद रहीं, जबकि खुली दुकानों पर भी ग्राहकों की संख्या नगण्य रही.

दाम बढ़ने से ग्राहकों ने बनाई दूरी

स्थानीय व्यवसायियों का कहना है कि जीएसटी और इंपोर्ट ड्यूटी में अचानक हुई इस बढ़ोतरी ने सोने-चांदी की कीमतों को आसमान पर पहुंचा दिया है. स्वर्ण व्यवसायी रितेश सर्राफ ने बताया कि जहां पहले दिनभर में औसतन 10 ग्राहक आते थे, अब एक-दो खरीदारों का आना भी मुश्किल हो गया है. बाजार में मंदी का दौर शुरू हो चुका है, जिससे कारोबारी चिंतित हैं.

कारीगरों और छोटे दुकानदारों पर दोहरी मार

व्यवसायी संजय कुमार पप्पू और मनीष कुमार के अनुसार, टैक्स बढ़ने से केवल बड़े शोरूम ही नहीं, बल्कि छोटे दुकानदार और कारीगर भी संकट में हैं. आभूषणों के ऑर्डर कम होने से निर्माण कार्य घट गया है, जिससे कारीगरों की दैनिक आमदनी पर बुरा असर पड़ेगा. कारोबारियों ने यह भी अंदेशा जताया है कि सीमावर्ती जिला होने के कारण सीतामढ़ी में सोने की तस्करी और अनधिकृत व्यापार बढ़ सकता है.

बजट बिगड़ने से लोग कम कर रहे खरीदारी

आम ग्राहकों के लिए सोने की बढ़ी कीमतें किसी झटके से कम नहीं हैं. शहर की अर्चना देवी ने बताया कि उनके घर अगले महीने शादी है. पहले उन्होंने 100 ग्राम सोना खरीदने की योजना बनाई थी, लेकिन अब बजट बिगड़ने के कारण उन्हें इसकी मात्रा घटाकर 80 ग्राम करनी पड़ रही है. सीतामढ़ी के अलावा बैरगनिया और पुपरी के व्यवसायियों ने भी सरकार से बढ़ी हुई ड्यूटी और जीएसटी वापस लेने की मांग की है.

सीतामढ़ी से रतिकांत झा की रिपोर्ट

विज्ञापन
SUMIT KUMAR

लेखक के बारे में

By SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन