Sitamarhi: जिले के लाल का कमाल, ऑल इंडिया पुलिस बैडमिंटन में जीते दो गोल्ड सहित तीन पदक

सीआरपीएफ कमांडेंट सर्वेश कुमार सुमन
Sitamarhi News: सीआरपीएफ कमांडेंट सर्वेश कुमार सुमन ने लखनऊ में आयोजित ऑल इंडिया पुलिस बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 में दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा है. 44 टीमों के बीच हुए इस कड़े मुकाबले में सर्वेश ने जिले का नाम रोशन किया. पढ़ें पूरी खबर…
Sitamarhi News: बिहार के सीतामढ़ी जिले के रहने वाले और सीआरपीएफ (CRPF) में कमांडेंट सर्वेश कुमार सुमन ने खेल की दुनिया में एक बार फिर जिले और प्रदेश का मान बढ़ाया है. लखनऊ में आयोजित ‘अखिल भारतीय पुलिस बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026’ में सर्वेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल्ड और एक ब्रोंज मेडल अपने नाम किया है. उनकी इस ऐतिहासिक सफलता से उनके पैतृक गांव राधाउर सहित पूरे जिले में खुशी की लहर है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था शुभारंभ
उत्तर प्रदेश पुलिस की मेजबानी में 9 से 13 मई तक लखनऊ में आयोजित इस चैंपियनशिप का उद्घाटन यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था. इस नेशनल लेवल की प्रतियोगिता में देश भर की पुलिस, अर्धसैनिक बलों (पैरामिलिट्री) और विभिन्न पुलिस संगठनों की कुल 44 टीमों ने हिस्सा लिया था.
कड़े मुकाबले में दिग्गजों को चटाया धूल
कमांडेंट सर्वेश सुमन ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश, केरल, इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB), एनएसजी और असम राइफल्स जैसी मजबूत टीमों के खिलाड़ियों को परास्त किया. उन्होंने मेंस डबल्स और मिक्स्ड डबल्स में स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि मेंस सिंगल्स में कांस्य पदक जीतकर अपनी बादशाहत कायम की. सर्वेश केंद्रीय विद्यालय, जवाहरनगर के पूर्व छात्र रहे हैं.
अब तक जीत चुके हैं कुल 08 पदक
सर्वेश सुमन ने इस प्रतियोगिता में रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी है. यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने जीत दर्ज की हो; इससे पहले भी वे ऑल इंडिया पुलिस चैंपियनशिप में 5 पदक जीत चुके हैं. इस साल के 3 नए पदकों को मिलाकर उनके पास अब कुल 8 पदक हो गए हैं, जो उनकी खेल के प्रति निरंतरता को दर्शाता है.
सीतामढ़ी से रतिकांत झा की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










