सीतामढ़ी: पुपरी में जाम से निपटने की तैयारी, टेंपो के लिए तय हुए नए स्टैंड
Published by : Purushottam Kumar Updated At : 11 Jun 2026 2:35 PM
उपस्थित कार्यपालक पदाधिकारी व अन्य
Sitamarhi News: पुपरी में जाम की समस्या दूर करने के लिए नगर परिषद ने रूटवार टेंपो स्टैंड तय कर दिए हैं. नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर कार्रवाई और जुर्माना लगाया जाएगा. जानिए खबर विस्तार से...
सीतामढ़ी के पुपरी से बैधनाथ ठाकुर की रिपोर्ट
Sitamarhi News: पुपरी शहर में लगातार लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए नगर परिषद ने टेंपो संचालन की नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है. नगर परिषद कार्यालय में कार्यपालक पदाधिकारी केशव गोयल की अध्यक्षता में टेंपो चालकों के साथ बैठक हुई, जिसमें रूटवार टेंपो स्टैंड निर्धारित किए गए.
अलग-अलग रूट के लिए तय किए गए स्टैंड
बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि सीतामढ़ी से आने वाले टेंपो बाजार समिति परिसर में, बेनीपट्टी रूट के टेंपो रघुनी गोप टावर ओवरब्रिज के नीचे, सैदपुर रूट के टेंपो पोस्ट ऑफिस के समीप तथा सुरसंड और चोरौत रूट के टेंपो धर्मानाथ प्रसाद गद्दी के बगल में खड़े होंगे.
नियम तोड़ने वालों पर लगेगा जुर्माना
ईओ केशव गोयल ने कहा कि शहर के चौक-चौराहों और मुख्य सड़कों पर अव्यवस्थित ढंग से टेंपो खड़ा करने के कारण रोज जाम की स्थिति बनती है. इससे आम लोगों, स्कूली बच्चों, एंबुलेंस और व्यापारिक गतिविधियों पर असर पड़ता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित स्थान के अलावा कहीं भी टेंपो खड़ा करने पर कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया जाएगा.
टेंपो चालकों ने जताया सहयोग का भरोसा
बैठक में मौजूद टेंपो चालक संघ के प्रतिनिधियों ने नगर परिषद के निर्णय का स्वागत किया और नई व्यवस्था का पालन करने का आश्वासन दिया. नगर परिषद ने सभी चालकों से सहयोग की अपील करते हुए शहर को जाम मुक्त बनाने में भागीदारी निभाने की बात कही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










