सीतामढ़ी : पर्यावरण संरक्षण की अनोखी मुहिम, अब हर शुक्रवार को साइकिल या पैदल दफ्तर जाएंगे कर्मी

प्रभारी डीएम संजीव कुमार
Sitamarhi News: पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत के लिए हर शुक्रवार को ‘नो व्हीकल डे’ मनाया जाएगा. प्रभारी डीएम संजीव कुमार ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पैदल या साइकिल से दफ्तर आने का सख्त निर्देश जारी किया है. जानिए खबर विस्तार से …
सीतामढ़ी से अमिताभ कुमार की रिपोर्ट
Sitamarhi News: पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण को लेकर बिहार सरकार के निर्देश पर सीतामढ़ी जिले में एक अनूठी और प्रभावी पहल की शुरुआत की गई है. जिले में अब प्रत्येक शुक्रवार को “नो व्हीकल डे” मनाया जाएगा. इस संबंध में सीतामढ़ी के प्रभारी जिलाधिकारी संजीव कुमार ने शुक्रवार सुबह जिले के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को एक सख्त और स्पष्ट निर्देश जारी किया है. प्रभारी डीएम ने कहा है कि सरकार के इस आदेश का जिला स्तर पर अनिवार्य रूप से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
सरकारी और निजी वाहनों के उपयोग पर रहेगी पूरी रोक
जारी आधिकारिक निर्देश के अनुसार, जिले के सभी विभागों के पदाधिकारी और सरकारी कर्मचारी शुक्रवार के दिन अपने कार्यालय आने-जाने के लिए किसी भी तरह के सरकारी या निजी वाहनों का उपयोग बिल्कुल नहीं करेंगे. इसके विकल्प के रूप में सभी कर्मियों को पैदल, साइकिल अथवा अन्य पर्यावरण अनुकूल साधनों (Eco Friendly Transport) का प्रयोग करने के लिए विशेष रूप से निर्देशित और प्रेरित किया गया है. प्रभारी डीएम संजीव कुमार ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से इस मुहिम को पूरी तरह सफल बनाने और समाज में एक अच्छा संदेश देने की अपील की है.
आपातकालीन सेवाओं और प्रशासनिक वाहनों को मिलेगी विशेष छूट
प्रशासन द्वारा जारी इस आदेश में व्यावहारिक दिक्कतों को देखते हुए कुछ महत्वपूर्ण रियायतें भी दी गई हैं. विधि-व्यवस्था संधारण (Law and Order), आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड तथा अत्यंत आवश्यक प्रशासनिक कार्यों में लगे वाहनों को इस “नो व्हीकल डे” के दायरे से बाहर रखा गया है. ऐसे आवश्यक वाहन जरूरत के अनुसार सड़कों पर परिचालन कर सकेंगे. जिला प्रशासन का मानना है कि इस पहल से न केवल ईंधन की भारी बचत होगी और प्रदूषण घटेगा, बल्कि सरकारी कर्मियों के स्वास्थ्य में भी सुधार होगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










