सीतामढ़ी: दर्द से तड़पती रही प्रसूता, बथनाहा सीएचसी में रुपये के लिए स्वास्थ्यकर्मी करते रहे मोलभाव
Published by : सुनील कुमार सिंह Updated At : 17 May 2026 12:19 PM
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की तस्वीर
Sitamarhi News: बथनाहा सीएचसी में प्रसव के नाम पर स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा प्रसूता से 1700 रुपये वसूलने का मामला सामने आया है. सरपंच की मौजूदगी में हुए इस वाकये के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच टीम गठित कर दी है. पढ़ें पूरी खबर…
Sitamarhi News: बिहार के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने के दावों के बीच सीतामढ़ी के बथनाहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है. यहाँ एक गरीब प्रसूता से डिलीवरी कराने के एवज में जबरन रुपये वसूलने का गंभीर आरोप लगा है. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यह पूरी घटना स्थानीय महिला सरपंच की मौजूदगी में हुई.
दर्द से कराहती रही प्रसूता, स्वास्थ्यकर्मी करते रहे मोलभाव
जानकारी के अनुसार, भटुआडीह गांव निवासी कमलेश कुमार अपनी गर्भवती पत्नी खुशबू कुमारी को प्रसव पीड़ा होने पर 14 मई की शाम बथनाहा सीएचसी लेकर पहुंचे थे. पीड़ित पति का आरोप है कि अस्पताल में तैनात कुछ स्वास्थ्यकर्मियों ने प्रसव कराने के लिए ढाई हजार रुपये की डिमांड कर दी. प्रसूता दर्द से बेहोश हो रही थी, लेकिन संवेदनहीन कर्मियों का दिल नहीं पघला. उन्होंने साफ कह दिया कि अगर रुपये नहीं मिले, तो मरीज को सदर अस्पताल रेफर कर दिया जाएगा. मजबूरी में पति ने किसी तरह 1700 रुपये का इंतजाम कर स्वास्थ्यकर्मी को दिए, तब जाकर डिलीवरी कराई गई.
सरपंच की रिश्तेदार है पीड़िता, जांच टीम गठित
पीड़ित महिला स्थानीय पंडौल उर्फ पंथपाकर ग्राम कचहरी की सरपंच शिवदुलारी देवी की रिश्तेदार है. घटना के वक्त सरपंच खुद अस्पताल में थीं. उन्होंने मामले की शिकायत भाजपा मंडल अध्यक्ष सह प्रखंड बीससूत्री अध्यक्ष बिकाउ सिंह कुशवाहा के साथ मिलकर सीएचसी प्रभारी डॉ. महिमा मोहन से की. मामले को तूल पकड़ता देख बथनाहा सीएचसी की प्रभारी डॉ. महिमा मोहन ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद जांच टीम गठित कर दी गई है. दो से तीन दिनों के भीतर जांच पूरी कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
सीतामढ़ी से रतिकांत झा की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










