Sitamarhi: कन्हौली में सड़क हादसे में किसान सलाहकार की मौत

AI जेनरेटेड फोटो
सीतामढ़ी के कन्हौली थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में किसान सलाहकार गुड्डू कुमार की मौत हो गई. वे फॉर्मर रजिस्ट्रेशन कार्य पूरा कर घर लौट रहे थे. पढ़ें पूरी खबर…
Sitamarhi News: कन्हौली थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में एक किसान सलाहकार की मौत हो गई. मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के लोहखर गांव निवासी रविंद्र सहनी के 28 वर्षीय पुत्र गुड्डू कुमार के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, गुड्डू कुमार बगहा पंचायत में किसान सलाहकार के पद पर कार्यरत थे. शुक्रवार को वे फॉर्मर रजिस्ट्रेशन का कार्य पूरा कर बाइक से घर लौट रहे थे.
सड़क पर गिरने से हुई मौत
बताया गया कि बगहा-मधुकर पथ के बीच उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई. हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही कन्हौली थाना की अपर थानाध्यक्ष अनुपम कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और मामले की जांच शुरू की.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सीतामढ़ी भेज दिया है. साथ ही दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुट गई है.
हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए. प्रखंड कृषि पदाधिकारी बालहंस समेत कई किसान सलाहकार और जनप्रतिनिधियों ने गहरी संवेदना व्यक्त की.
मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ थे गुड्डू कुमार
सहकर्मियों ने बताया कि गुड्डू कुमार बेहद मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ कर्मी थे. वे किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहते थे.
युवा किसान सलाहकार की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है. गांव में भी मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.
सोनबरसा से वीरेंद्र यादव की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










