सीतामढ़ी: दोस्तों के साथ पोखर में नहाने गया था 14 साल का सत्यम, फिर जो हुआ उससे पूरे गांव में मचा कोहराम
शव बरामद करने को सर्च अभियान चलाती एनडीआरएफ की टीम.
सीतामढ़ी के मटियार गांव में उस समय मातम छा गया जब 14 वर्षीय सत्यम महतो की गांव के गहरे पोखर में डूबने से मौत हो गई. दोस्तों के साथ नहाने गया सत्यम गहरे पानी में चला गया और डूब गया. ग्रामीणों की मदद से एनडीआरएफ टीम ने घंटों सर्च ऑपरेशन चलाया.
Sitamarhi News: सीतामढ़ी. बथनाहा प्रखंड के सहियारा थाना क्षेत्र अंतर्गत मटियार कला पंचायत के मटियार गांव में रविवार को पोखर में डूबने से 14 वर्षीय सत्यम महतो की मौत हो गई. मनोरंजन महतो के पुत्र सत्यम दोस्तों के साथ दोपहर में गांव के मुख्य पोखर में नहाने गया था. हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
Bathnaha News: दोस्तों के साथ पोखर में नहाने गया था सत्यम
जानकारी के अनुसार सत्यम दोपहर करीब दो बजे तीन दोस्तों के साथ गांव के मुख्य पोखर में नहाने गया था. सभी बच्चे शुरुआत में पोखर के किनारे नहा रहे थे. इसी दौरान सत्यम गहरे पानी की ओर चला गया और अचानक पैर फिसलने से पानी में डूब गया.
साथ गए बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी परिजनों को दी.
सीओ की मौजूदगी में शुरू हुई खोजबीन
घटना की सूचना मिलते ही बथनाहा के सीओ अमरेश कुमार मौके पर पहुंचे. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पोखर में खोजबीन शुरू कराई गई. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया.
सीओ स्वयं घटनास्थल पर मौजूद रहकर बचाव और खोज अभियान की निगरानी करते रहे.
आधुनिक उपकरणों और गोताखोरों ने चलाया सर्च ऑपरेशन
एनडीआरएफ की टीम ने आधुनिक उपकरणों और गोताखोरों की मदद से पोखर में कई घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया. पोखर गहरा होने और बरसात के कारण पानी अधिक होने से बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी.
पुराना और गहरा है पोखर, ग्रामीणों ने उठाई सुरक्षा की मांग
ग्रामीणों के अनुसार गांव का मुख्य पोखर काफी पुराना और गहरा है. बरसात के मौसम में इसमें पानी का स्तर और बढ़ जाता है. ग्रामीणों ने पोखर की घेराबंदी कराने, चेतावनी बोर्ड लगाने तथा आसपास बच्चों के जाने पर रोक के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है.
परिजनों को आपदा राहत देने की मांग
ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को जल्द से जल्द आपदा राहत उपलब्ध कराने की मांग की है. सीओ अमरेश कुमार ने बताया कि प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है.
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को अकेले पोखर, नदी या अन्य गहरे जलस्रोतों में न जाने दें.
यह भई पढ़ें: 17 से 22 अगस्त तक लगेगा विशेष बिजली बिल सुधार शिविर, मौके पर होगा शिकायतों का समाधान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By रतिकांत झा
रतिकांत पिछले करीब 17 वर्षों से पत्रकारिता में निरंतर कार्यरत हैं. उन्हें राजनीति, धर्म-अध्यात्म, पर्व-त्योहार, अपराध, सामाजिक सरोकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं जैसे बहुआयामी विषयों पर लगातार सटीक रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव प्राप्त है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









