अतिक्रमण पर चला प्रशासन का डंडा मची रही अफरातफरी
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :30 May 2018 4:07 AM (IST)
विज्ञापन

पान की गुमटी से लेकर चाय की झोंपड़ी तक को हटाया महिला समेत तीन को हिरासत में लिया सीतामढ़ी : शहर में नासुर बन चुके अतिक्रमण पर मंगलवार को प्रशासन का बुलडोजर चला. मुख्य मार्ग को अतिक्रमण कर अवैध झोपड़ियां व गुमटी खड़ी करने वाले दुकानदारों को नगर परिषद् के कर्मियों ने सबक सिखाया. इस […]
विज्ञापन
पान की गुमटी से लेकर चाय की झोंपड़ी तक को हटाया
महिला समेत तीन को हिरासत में लिया
सीतामढ़ी : शहर में नासुर बन चुके अतिक्रमण पर मंगलवार को प्रशासन का बुलडोजर चला. मुख्य मार्ग को अतिक्रमण कर अवैध झोपड़ियां व गुमटी खड़ी करने वाले दुकानदारों को नगर परिषद् के कर्मियों ने सबक सिखाया.
इस दौरान पूरे शहर में अफरातफरी की स्थिति कायम रही. आनन-फानन में रोड किनारे खड़ी की गयी दुकानों को हटाया जाने लगा. जिसने दुकान हटा लिया वह तो बच गया, लेकिन कइयों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. शहर के गांधी चौक से शुरू हुआ अतिक्रमण हटाओ अभियान महंथ साह चौक, मेन रोड, बाटा गली, सदर अस्पताल रोड, पार्क रोड, भवदेपुर गुमटी, मेला रोड, थाना रोड समेत अन्य जगहों पर चला. इस दौरान रोड किनारे से कई कटघेरा, गुमटियां एवं झोंपड़ियों को जेसीबी मशीन से हटा दिया गया.
नगर थाने की पुलिस ने अतिक्रमण हटाने का विरोध करने तथा अवरोध उत्पन्न करने पर महिला समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है. सदर एसडीओ सत्येंद्र प्रसाद के निर्देश पर कार्यपालक दंडाधिकारी सदर शिलानाथ सिन्हा के नेतृत्व में चलाये गये उक्त अभियान में नगर परिषद् के कार्यपालक पदाधिकारी तारकेश्वर प्रसाद साह, कनीय अभियंता आलोक कुमार, टैक्स दारोगा कालिका नंदन प्रसाद के साथ नगर थाना के पुलिस अधिकारी, सशस्त्र महिला व पुरुष जवान शामिल थे.
प्रशासनिक अभियान से शहरवासियों में खुशी: अतिक्रमण हटाने के प्रशासनिक मुहिम का शहरवासियों में खुशी का माहौल है. खासकर कड़ी धुप में ट्रैफिक जाम में फंसकर फजीहत कराने वाले लोगों के चेहरे आज खिले नजर आ रहे थे. प्रशासनिक अभियान के क्रम में यह चर्चा का विषय बन गया था. कार्रवाई के दौरान कुछ बाइक सवार रूक कर प्रशासनिक अधिकारियों को धन्यवाद भी दे रहे थे.
बाटा गली के सामने मौजूद शिक्षक अजय कुमार ने बताया कि शहर में जाम की समस्या काफी गंभीर हो चली थी. अक्सर जाम की वजह से स्कूली बच्चों को कड़ी धुप में फंसना पड़ रहा है. अभियान तो बराबर चलता ही रहता है, लेकिन इसका कभी हल नही निकल पाता.
डीएम ने दिखायी सख्ती तो गंभीर हुआ नप: डीएम डॉ रणजीत कुमार सिंह ने जाम की समस्या को लेकर गंभीरता दिखायी है. इसी का परिणाम है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त करने की कवायद शुरू की गयी है.
बताया जाता है कि डीएम सोमवार को सदर अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे थे. इस दौरान बाटा गली में बेतरतीब जाम की वजह से उन्हें परेशानी झेलनी पड़ी. तत्क्षण उन्होंने सख्ती दिखायी और नगर परिषद् अधिकारी को अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया.
डीएम ने इसके लिए जवाबदेह अधिकारियों से स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण के कारण आम जनता को बड़ी परेशानी उठानी पड़ती है, और वह इसे कतई बरदाश्त नहीं करेंगे.
कहीं रस्म अदायगी बनकर रह न जाये अभियान: नगर परिषद् की ओर से प्राय: प्रतिवर्ष शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाता है, लेकिन हर बार यह रश्म अदायगी बनकर रह जाती है.
प्रशासनिक सख्ती व कार्रवाई का थोड़ा दिन ही असर हो पाता है. मंगलवार को अचानक अभियान को लेकर भी पुन: चर्चाएं शुरू हो गयी है. पूर्व में भी यह देखा गया है कि जिस इलाके में नगर परिषद् के कर्मचारी अतिक्रमण हटाते, अगले दिन फिर वहां दुकान सज जाती.
अरे! भइया जल्दी हटाइये, जेसीबी इधरे आ रही है
अरे! भइया जल्दी हटाइये, जेसीबी इधरे आ रहा है. प्रशासन के अचानक अतिक्रमण हटाओ अभियान से पूरे शहर में घंटों अफरातफरी व भागम-भाग की स्थिति रही. जैसे ही नगर परिषद् के अधिकारी व कर्मी लाव-लश्कर के साथ जेसीबी लेकर निकले, अतिक्रमणकारियों में छटपटाहट शुरू हो गयी. अतिक्रमण हटाते हुए जेसीबी जैसे ही महंथ साह चौक से आगे बढ़ा, कॉलेज रोड, मेन रोड, किरण चौक, हॉस्पिटल रोड से लेकर मेहसौल चौक तक सड़क किनारे खड़ी की गयी दुकानें, बोर्ड व होर्डिंग हटाया जाने लगा. वर्षों से किरण चौक के एक छोड़ को अस्थायी कपड़ा बाजार बना चुके दुकानदारों ने अभियान को देखते हुए अपना तंबू उखाड़ लिया. कल तक अतिक्रमण के कारण सिकुड़ी सड़कें आज चौतरफा फैली नजर आ रही थी. इसका असर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पर दिखा.
जारी रहेगा अभियान
शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान अगले कुछ दिन तक जारी रहेगा. जब तक पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त नहीं कर लिया जायेगा, अभियान बंद नहीं होगा. जिन जगहों पर अतिक्रमण हटाया गया है, वहां अगर फिर दुकानें खड़ी की गयी तो ऐसे लोगों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी.
तारकेश्वर प्रसाद साह, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद्, सीतामढ़ी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










