बेटियों को बेटों से कम नहीं समझें : नीतीश

Published at :25 Apr 2018 4:31 AM (IST)
विज्ञापन
बेटियों को बेटों से कम नहीं समझें : नीतीश

सीतामढ़ी : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को मां जानकी की धरती से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया. जानकी नवमी पर मंगलवार से पुनौरा धाम पर दो दिवसीय सीतामढ़ी महोत्सव के उद्घाटन के बाद उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से कक्षा नौ की छात्राओं को साइकिल दिये जाने का परिणाम है कि […]

विज्ञापन

सीतामढ़ी : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को मां जानकी की धरती से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया. जानकी नवमी पर मंगलवार से पुनौरा धाम पर दो दिवसीय सीतामढ़ी महोत्सव के उद्घाटन के बाद उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से कक्षा नौ की छात्राओं को साइकिल दिये जाने का परिणाम है कि आज गांव-गांव से बालिकाओं का झुंड स्कूल के लिए निकलता है. लड़की के जन्म लेने पर सरकार माता-पिता के खाते में दो हजार रुपये जमा करा रही है.

एक वर्ष के बाद बच्ची के नाम आधार कार्ड बन जाने पर हजार रुपये और मिलेंगे. इस तरह से एक बच्ची के स्नातक तक की पढ़ाई के दौरान तक सरकार 54 हजार एक सौ रुपये दे रही है. उन्होंने कहा कि बेटे से कम बेटियों को नहीं समझें. बेटी बीमार पड़े, तो बेटा की तरह समझ उसका इलाज कराएं. मौके पर मुख्यमंत्री ने जगद्गुरु लिखित एक ग्रंथ का विमोचन किया. सीएम व जगतगुरु ने संयुक्त रूप से पुनौरा के विकास के लिए 48.52 करोड़ की विभिन्न

बेटियों को बेटों…
योजनाओं का शिलान्यास किया.
दुनिया जानती है मां सीता की प्राकट्य स्थली है सीतामढ़ी
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरी दुनिया जानती है कि मां जानकी की प्राकट्य स्थली सीतामढ़ी है. यह बात सब जानते है कि अकाल पड़ने पर राजा जनक ने हल चलाया था. उसी दौरान मां सीता का प्रकटीकरण हुआ था. मां जानकी का जन्म स्थान पुनौरा ही है. इसकी पूरी जानकारी सांसद प्रभात झा से मिली. रामायण सर्किट से पुनौरा के साथ पंथपाकर धाम भी जुड़ा हुआ है. वह अद्भुत स्थल है. जनकपुर में विवाह के बाद अयोध्या जाने के क्रम में इसी स्थल पर माता सीता की डोली रुकी थी. पिछली बार वहां जाने का मौका मिला था. वहां बरगद का एक विशाल व पुराना पेड़ है. पंथपाकर धाम पर जाकर मन बड़ा प्रसन्न हुआ.
सीएम ने किया मां जानकी का दर्शन
इससे पूर्व सीएम ने पुनौरा धाम पर मंदिर में मां जानकी की पूजा भी की. फिर मंदिर परिसर में आम का एक पौधा लगाया. वहां से कथावाचन स्थल पर पहुंचे. श्री कुमार ने जगद्गुरु श्रीरामभद्राचार्य जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया. महोत्सव कार्यक्रम में श्री कुमार ने सबसे पहले जगतगुरु का अभिनंदन किया. फिर जानकी की धरती को नमन किया. कहा, पिंटूजी पर्यटन मंत्री थे. उन्हीं के माध्यम से जगतगुरु से पहली बार मुलाकात हुई थी. तब जगतगुरु ने जानकी नवमी को सरकारी छुट्टी की घोषणा करने की इच्छा व्यक्त की. तुरंत छुट्टी की घोषणा की गयी. बाद में सांसद व मित्र प्रभात झा ने पुनौरा धाम के विकास की चर्चा की.
तब उन्होंने पर्यटन सचिव प्रभात कुमार व अपने सचिव अतीश चंद्रा को पुनौरा भेजा. पुनौरा में क्या-क्या किया जा सकता है, इसकी रूपरेखा बनाने को कहा. योजनाएं बनीं. उन्हें तुरंत स्वीकृति दी गयी.
जगद्गुरु का संदेश दूर तलक जाये
शराबबंदी की चर्चा करते हुए श्री कुमार ने कहा, मंच से जगद्गुरु ने भी शराबबंदी का समर्थन किया है. आशा है कि जानकी की धरती से जगद्गुरु का संदेश जन-जन तक जायेगा. महिलाओं की मांग पर शराब बंद करायी. अब बिजली के हर पोल पर एक नंबर लिखा मिलेगा. कोई भी व्यक्ति उस नंबर पर कॉल कर शराबबंदी को विफल करने में लगे लोगों के बारे में जानकारी दे सकता है. कार्रवाई की जायेगी. साथ ही कॉल कर सूचना देने वाले से पूछा जायेगा कि कार्रवाई से संतुष्ट हैं कि नहीं.
उनका नाम गोपनीय रखा जायेगा. सीएम ने महिलाओं से अपील की कि शराब से किसी-न-किसी रूप से जुड़े लोगों को समझाएं. जागृति जरूरी है. मौके पर मंत्री नंदकिशोर यादव, सुरेश कुमार शर्मा व प्रमोद कुमार, सांसद रामकुमार शर्मा, रमा देवी, प्रभात कुमार झा व आरके सिन्हा के अलावा जिले के विधायक व विधान पार्षद मौजूद थे.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन