शेखपुरा : सामस गांव के पास रेस्टोरेंट से एक युवक गिरफ्तार, पांच जिंदा कारतूस और बाइक बरामद; बड़ी साजिश नाकाम

घटनास्थल पर मौजूद पुलिस और बाइक की जांच करते पुलिसकर्मी | Prabhat Khabar Network
शेखपुरा के बरबीघा थाना पुलिस ने सामस गांव के पास स्थित एक रेस्टोरेंट में छापेमारी कर पांच जिंदा कारतूस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका दूसरा साथी भागने में सफल रहा. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और अंदेशा जताया जा रहा है कि यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है.
शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना पुलिस ने क्षेत्र में बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने से पहले ही पांच जिंदा कारतूस के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी मौके से भागने में सफल रहा. पुलिस ने यह कार्रवाई थाना क्षेत्र के सामस गांव के पास स्थित राधा फैमिली रेस्टोरेंट के समीप की.
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं और हथियार से लैस होकर रेस्टोरेंट में खाना खा रहे हैं. इस सूचना के आधार पर बरबीघा थानाध्यक्ष गौरव कुमार ने दलबल के साथ बिना समय गंवाए रेस्टोरेंट पर छापा मारा.
एक युवक गिरफ्तार, दूसरा फरार
पुलिस को देखते ही दोनों युवक भागने का प्रयास करने लगे. हालांकि, पुलिस बल ने पीछा कर एक युवक को दबोच लिया, जबकि उसका दूसरा साथी भागने में कामयाब रहा.
गिरफ्तार युवक के पास से पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं. इसके अलावा पुलिस ने रेस्टोरेंट के पास से वह मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है, जिस पर सवार होकर दोनों वहां पहुंचे थे.
प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़ा गया युवक नाबालिग प्रतीत हो रहा है. उससे पूछताछ कर उसके फरार साथी के बारे में सुराग जुटाए जा रहे हैं.
प्रेम प्रसंग से जुड़े होने की चर्चा
ग्रामीण सूत्रों के अनुसार, यह पूरा मामला कथित तौर पर सामस हाई स्कूल में पढ़ने वाली एक लड़की से चल रहे प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है. चर्चा है कि हथियार के साथ पहुंचे दोनों युवक लड़की के प्रेमी की हत्या करने की नीयत से वहां आए थे.
हालांकि, घटना को अंजाम देने से पहले ही बरबीघा पुलिस को इसकी भनक लग गई और पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया. बहरहाल, इस मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान आने के बाद ही पूरी सच्चाई का खुलासा हो सकेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










