शेखपुरा में जीविका महिला समिति की वार्षिक आमसभा, 11.93 लाख रुपये के शुद्ध लाभ की दी जानकारी

Updated:
विज्ञापन
दीप प्रज्वलित करते अतिथि. | Prabhat Khabar Network

दीप प्रज्वलित करते अतिथि. | Prabhat Khabar Network

शेखपुरा जिले के अरियरी प्रखंड स्थित अंबेडकर भवन में भारती जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड की वार्षिक आमसभा का आयोजन किया गया. इस बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों और कार्ययोजना पर चर्चा की गई, तथा समिति द्वारा 11 लाख 93 हजार रुपये के शुद्ध लाभ की जानकारी दी गई.

विज्ञापन

शेखपुरा जिले के अरियरी प्रखंड अंतर्गत अंबेडकर भवन में मंगलवार को भारती जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड द्वारा वार्षिक आमसभा का आयोजन किया गया.

आम सभा में समिति की प्रतिनिधि जीविका दीदियों द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों की जानकारी दी गई तथा वर्तमान वर्ष की कार्ययोजना के विषय में बताया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन सूक्ष्म वित्त प्रबंधक, जीविका, अतुल जैन, प्रखंड परियोजना प्रबंधक, सुजीत कुमार एवं संकुल संघ की अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष ने सम्मिलित रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.

इस अवसर पर सूक्ष्म वित्त प्रबंधक अतुल जैन ने जीविका दीदियों की सराहना करते हुए कहा कि चाहे वह स्वरोजगार के क्षेत्र में हो या फिर संगठित होकर समाज को जागरूक करने का कार्य हो, सभी में जीविका दीदियां अव्वल हैं.

छोटे-छोटे ऋण से स्वरोजगार कर रही हैं दीदियां

प्रखंड परियोजना प्रबंधक सुजीत कुमार ने दीदियों को संबोधित करते हुए कहा कि समूह से प्राप्त प्रशिक्षण और बैंक से प्राप्त छोटे-बड़े ऋण से जीविका दीदियां स्वरोजगार कर रही हैं. इससे उनके घर की आर्थिक स्थिति में सुधार आ रहा है और वे समाज में अपनी एक अलग पहचान बना रही हैं. हर प्रखंड में जीविका दीदियों को 'दीदी का सिलाई केंद्र' के माध्यम से जोड़कर बच्चों के पोशाक बनाने का कार्य सौंपा जा रहा है.

सतत जीविकोपार्जन योजना के तहत इस प्रखंड में लगभग 86 अत्यंत निर्धन महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है. मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत लगभग 10,000 से अधिक दीदियों को लाभान्वित किया गया है, जो इस योजना से जुड़कर विभिन्न प्रकार के रोजगार से अपनी आय सृजित कर रही हैं.

एक साल में 11 लाख 93 हजार रुपये का शुद्ध लाभ

कार्यक्रम में भारती जीविका महिला स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड की अध्यक्ष शोभा देवी ने सामुदायिक संगठनों के माध्यम से विभिन्न जीविकोपार्जन गतिविधियों में लगी जीविका दीदियों की जानकारी दी.

उन्होंने गत वर्ष सामुदायिक संगठनों को उपलब्ध कराए गए ऋण, सामुदायिक सेवा प्रदाताओं एवं अन्य कैडरों को दिए गए प्रशिक्षण के बारे में बताया.

अध्यक्ष ने पिछले वित्तीय वर्ष में अर्जित किए गए 11 लाख 93 हजार रुपये के शुद्ध लाभ की जानकारी दी और बैठक में भाग लेने आईं समिति की लगभग साढ़े चार सौ सदस्य दीदियों के साथ लाभ-हानि का विवरण साझा किया.

जीविका के कर्मी और पदाधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर सचिव चमेली देवी एवं कोषाध्यक्ष सविता देवी के साथ-साथ जीविका की जिला व प्रखंड इकाई की पूरी टीम ने कार्यक्रम को सफल बनाया. दीदियों ने अपनी आत्मनिर्भरता की कहानियां भी उपस्थित लोगों के साथ साझा कीं.

मंच संचालन सामुदायिक समन्वयक आकांक्षा और मास्टर बुक कीपर रीति ने किया. कार्यक्रम के सफल आयोजन में जीविकोपार्जन विशेषज्ञ सुकेश कुमार, क्षेत्रीय समन्वयक चंदन कुमार, सामुदायिक समन्वयक स्वीटी कुमारी, कुमारी कुमुद कला, अजय कुमार दास सहित सैकड़ों जीविका दीदियों की अहम भूमिका रही.


विज्ञापन
Satyendra Kumar

लेखक के बारे में

By Satyendra Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन