छात्रों के साथ शराब और सिगरेट पीने वाले शिक्षक निलंबित, वायरल वीडियो की जांच के बाद DEO की कार्रवाई

प्रतीकात्मक तस्वीर
Sheikhpura News : बिहार के शेखपुरा में छात्रों के साथ शराब और सिगरेट पीने वाले शिक्षक पुरुषोत्तम कुमार को जिला शिक्षा पदाधिकारी ने निलंबित कर दिया है। जानें पूरी खबर।
Sheikhpura News : बरबीघा थाना क्षेत्र के उच्च माध्यमिक विद्यालय सर्वा में पदस्थापित शिक्षक पुरुषोत्तम कुमार को छात्रों के साथ शराब और सिगरेट पीने के वायरल वीडियो की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) डॉ. तनवीर आलम ने निलंबित कर दिया है. निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय घटकुसुम्भा प्रखंड स्थित ललित नारायण मिश्र उच्च माध्यमिक विद्यालय निर्धारित किया गया है.
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद शुरू हुई जांच
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में दावा किया गया था कि विद्यालय में सामाजिक विज्ञान पढ़ाने वाले शिक्षक पुरुषोत्तम कुमार अपने कुछ छात्रों और परिचितों के साथ बैठकर शराब पी रहे हैं और सिगरेट पीते हुए दिखाई दे रहे हैं. मामला सामने आने के बाद 8 जुलाई को विद्यालय के प्राचार्य ने जिला शिक्षा पदाधिकारी के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराई थी.
जांच में ग्रामीणों ने भी की पुष्टि
शिकायत मिलने के बाद डीईओ डॉ. तनवीर आलम ने मामले की जांच के लिए टीम गठित की. जांच के दौरान वायरल वीडियो का सत्यापन किया गया और स्थानीय ग्रामीणों से भी पूछताछ की गई. जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद शिक्षक के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की गई.
इंस्टाग्राम पर साझा किया गया था वीडियो
जानकारी के अनुसार, यह वीडियो बिहारशरीफ स्थित शिक्षक के घर पर आयोजित जन्मदिन समारोह का बताया गया. आरोप है कि शिक्षक ने अपने छात्रों के साथ बैठकर शराब और सिगरेट का सेवन किया और उसका वीडियो अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर भी साझा किया. वायरल वीडियो में शिक्षक के साथ अन्य लोग बैठे दिखाई देते हैं और बीच में शराब की बोतल एवं अन्य सामग्री भी नजर आती है.
पहले भी गलत आचरण की मिल चुकी थी शिकायत
डीईओ डॉ. तनवीर आलम ने बताया कि कुछ माह पहले भी विद्यालय के प्राचार्य ने संबंधित शिक्षक के खिलाफ गलत आचरण की शिकायत की थी. उस समय उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया था. लेकिन इस बार वायरल वीडियो की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद विभागीय कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया गया.
विभागीय कार्रवाई भी हुई शुरू
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि शिक्षक का यह आचरण शिक्षक की गरिमा और सेवा आचरण के विपरीत है. इसी कारण उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है. मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : शेखपुरा डीएम ने टीबी के 200 मरीजों को वितरित किए पोषण किट, जिले को टीबी मुक्त बनाने का लिया संकल्प
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










