शेखपुरा में महापुरुषों की प्रतिमा लगाने की मांग, भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

मांग पत्र सौंपते भाजपा नेता | Prabhat Khabar Network
शेखपुरा में देश की महान विभूतियों की आदमकद प्रतिमाएं स्थापित करने की मांग उठी है. बीजेपी प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कॉलेज मोड़ पर अटल बिहारी वाजपेयी और तीनमुहानी पर श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा लगाने का विशेष आग्रह किया है. यह प्रतिमाएं भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेंगी.
बीजेपी ने जिला मुख्यालय के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों पर देश की महान विभूतियों की आदमकद प्रतिमाएं स्थापित करने की मांग की है.
पार्टी का एक शिष्टमंडल गुरुवार को जिलाधिकारी (डीएम) से मुलाकात कर इस संबंध में एक ज्ञापन सौंपा. प्रतिनिधिमंडल में पार्टी के वरिष्ठ नेता सुधीर कुमार बिंद, मनोज कुमार सिन्हा, राजीव कुमार सिन्हा, भूपेश कुमार और जयप्रकाश गुप्ता आदि शामिल थे.
इस मांग पत्र की एक-एक प्रति राज्यपाल, मुख्यमंत्री, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष, शहरी विकास मंत्री और नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को भी प्रेषित की गई है.
कॉलेज मोड़ पर अटल बिहारी वाजपेयी और तीनमुहानी पर श्यामा प्रसाद मुखर्जी की लगेगी प्रतिमा
ज्ञापन के संबंध में जानकारी देते हुए नेताओं ने बताया कि जिला मुख्यालय के विभिन्न चौक-चौराहों पर पहले से भी कई महान विभूतियों की प्रतिमाएं स्थापित हैं. इसी कड़ी में प्रतिनिधिमंडल ने लखीसराय की ओर से शेखपुरा आने वाले कॉलेज मोड़ पर भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की आदमकद प्रतिमा लगाए जाने का विशेष आग्रह किया है.
इसके अलावा, नगर क्षेत्र शेखपुरा के मुख्य प्रवेश द्वार तीनमुहानी चौक के पास भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं महान राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय की आदमकद प्रतिमाएं स्थापित करने की मांग की गई है.
भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेंगी प्रतिमाएं: प्रतिनिधिमंडल
प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को बताया कि इन तीन महान विभूतियों की प्रतिमाएं वर्तमान के साथ-साथ भविष्य की आने वाली पीढ़ियों के लिए भी महान प्रेरणा स्रोत सिद्ध होंगी.
उन्होंने जिलाधिकारी से इस दिशा में त्वरित सकारात्मक कदम उठाने की अपील करते हुए कहा कि इस जनकल्याणकारी व सांस्कृतिक कार्य में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी देकर वे भी इस यश के भागीदार बनें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










