शिवहर के देकुली धाम में तीसरी सोमवारी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव से गूंजा मंदिर
देकुली धाम में अघा के माध्यम से जलाभिषेक करते महिला श्रद्धालु गण एवं अन्य | Prabhat Khabar Network
सावन की तीसरी सोमवारी पर शिवहर के देकुली धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. सुबह तीन बजे श्रृंगार पूजा के बाद श्रद्धालुओं ने कतार में लगकर बाबा भुवनेश्वर नाथ का जलाभिषेक किया.
सावन 2026: सावन की तीसरी सोमवारी पर जिले के प्रसिद्ध बाबा भुवनेश्वर नाथ देकुली धाम महादेव मंदिर समेत जिले के तमाम शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. सुबह से ही मंदिर परिसर में हर-हर महादेव और ओम् नमः शिवाय के जयघोष गूंजते रहे. देकुली धाम में दूर-दराज से पहुंचे शिवभक्तों ने कतार में लगकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और सुख-समृद्धि की कामना की.
भोर से शुरू हुआ जलाभिषेक
देकुली धाम में सुबह करीब तीन बजे भगवान शिव की भव्य श्रृंगार पूजा की गयी. इसके बाद मंदिर के कपाट खुलने के साथ ही श्रद्धालुओं के जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हो गया, जो पूरे दिन और देर रात तक जारी रहा. महिला और पुरुष श्रद्धालु कतारबद्ध होकर बाबा भुवनेश्वर नाथ के दर्शन के लिए अपनी बारी का इंतजार करते नजर आये.
शिवभक्तों ने भगवान शिव को जल और दूध अर्पित करने के साथ पुष्प, भांग, धतूरा, अक्षत, गन्ना और बेलपत्र चढ़ाकर विधिवत पूजा-अर्चना की. मंदिर परिसर में लगातार लग रहे जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा.
शिवालयों में भी रही श्रद्धालुओं की भीड़
तीसरी सोमवारी को देकुली धाम के अलावा जिले के विभिन्न शिव मंदिरों में भी सुबह से श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही. बड़ी संख्या में लोगों ने उपवास रखकर भगवान शिव की पूजा की. कई श्रद्धालु गंगाजल और अन्य पवित्र जल लेकर मंदिर पहुंचे और महादेव का अभिषेक किया.
सावन की सोमवारी को लेकर मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और श्रृंगार किया गया था. श्रद्धालुओं में भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला.
सुरक्षा को लेकर प्रशासन रहा मुस्तैद
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से देकुली धाम में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे. एसडीएम डॉ. अनंत कुणाल और एसडीपीओ अनुशील कुमार के नेतृत्व में विभिन्न स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी तैनात रहे. सुरक्षा कर्मी मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी करते दिखे.
मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों और वॉलिंटियर ने भी श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से जलाभिषेक कराने और मंदिर में प्रवेश में सहयोग किया. प्रशासन और स्वयंसेवकों की सक्रियता से श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में सुविधा मिली.
यह भी पढे़ं:
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By मनीष नंदन सिंह
मनीष नंदन सिंह बीते 16 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. इनका जनहित से जुड़ी खबरों से गहरा जुड़ाव है और ये स्थानीय व क्षेत्रीय स्तर की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं. मनीष जन-सरोकार के मुद्दों की सटीक और जमीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









