शिवहर में स्वतंत्रता दिवस पर डीएम ने गिनाईं विकास की उपलब्धियां, शिक्षा-स्वास्थ्य से रोजगार तक पर जोर
राष्ट्रीय ध्वजारोहण के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजय अग्रवाल व अन्य
शिवहर में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने जिले की विकास उपलब्धियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया. शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, और रोजगार के क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों का विस्तृत ब्यौरा साझा किया गया.
Sheohar News: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को पूरे शिवहर जिले में राष्ट्रीय पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. समाहरणालय मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में सुबह 9 बजे जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने झंडोत्तोलन कर तिरंगे को सलामी दी. इस दौरान उन्होंने जिले के विकास कार्यों और उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आधारभूत संरचना और रोजगार के क्षेत्र में लगातार काम किया जा रहा है.

समाहरणालय मैदान में डीएम ने किया झंडोत्तोलन
मुख्य समारोह में एसपी शैलेंद्र सिंह, डीडीसी संजय कुमार, एडीएम मेधावी, एसडीएम डॉ. अनंत कुमार, एसडीपीओ अनुशील कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष विजय कुमार सिंह उर्फ छोटा विजय, नगर सभापति राजन नंदन सिंह, लोजपा रा जिलाध्यक्ष विजय कुमार पांडे, जदयू जिलाध्यक्ष कमलेश पांडे और भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज कुमार सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.
डीएम ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और पुलिस-प्रशासन समेत सभी कर्मियों से ईमानदारी, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने की अपील की.

बागमती बाढ़ प्रबंधन योजना से मजबूत होगी सुरक्षा
डीएम प्रतिभा रानी ने बताया कि बागमती बाढ़ प्रबंधन योजना के तहत हेड रेगुलेटर का निर्माण पूरा कर लिया गया है. इससे जिले में बाढ़ से बचाव के साथ सिंचाई व्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है.
उन्होंने कहा कि शिवहर के विकास की गति को और तेज करने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक तेजी से पहुंचाना प्राथमिकता है.
7 करोड़ की ड्रेनेज योजना से शहर को जलजमाव से राहत
शिवहर शहर को जलजमाव से मुक्त कराने के लिए करीब 7 करोड़ रुपये की लागत से स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण पूरा किया गया है. इसके अलावा करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये की लागत से सरकारी बस स्टैंड का निर्माण भी पूरा हुआ है.
देकुली धाम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए तालाब का जीर्णोद्धार, मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण, विश्रामालय और दुकानों के विकास जैसे कार्य कराए गए हैं. इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है.
गोरखपुर-सिलीगुड़ी और रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेस-वे से बदलेगी तस्वीर
डीएम ने बताया कि शिवहर जिले से गोरखपुर-सिलीगुड़ी और रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेस-वे गुजरने की योजना है. भविष्य में ये परियोजनाएं जिले के आर्थिक विकास की महत्वपूर्ण कड़ी बन सकती हैं.
मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान शिवहर-मीनापुर के कांटी पथ के चौड़ीकरण का कार्य भी प्रगति पर है. शिवहर एसएच-54 के सिंगाही से बेलवा घाट और देवापुर तक करीब तीन किलोमीटर सड़क निर्माण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है.
स्वास्थ्य क्षेत्र में सीटी स्कैन से आईसीयू तक सुविधाएं
डीएम ने बताया कि सदर अस्पताल में नि:शुल्क सीटी स्कैन, ईसीजी, पांच बेड का डायग्नोसिस, पांच बेड का आईसीयू और 10 बेड का पीकू वार्ड संचालित किया जा रहा है. टीवी स्क्रीनिंग में जिले ने निर्धारित लक्ष्य से 180 प्रतिशत अधिक उपलब्धि हासिल कर बेहतर प्रदर्शन किया है.
शिक्षा के क्षेत्र में आठ नए विद्यालय और कॉलेजों का विस्तार
जिले में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आठ नए विद्यालयों का निर्माण किया गया है, जहां स्मार्ट क्लास संचालित किए जा रहे हैं. इसके अलावा पांच प्रखंडों में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय और तीन प्रखंडों में नए डिग्री कॉलेजों का संचालन शुरू किया गया है.
53 पंचायतों में 7810 सोलर स्ट्रीट लाइट
जिले की 53 ग्राम पंचायतों में 7,810 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाई गई हैं. इसके अलावा 15 पंचायत सरकार भवनों का निर्माण हुआ है.
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत एक लाख 19 हजार से अधिक महिलाओं को स्वरोजगार के लिए 10 हजार रुपये की पहली किस्त डीबीटी के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है. युवाओं के लिए 30 जॉब कैंप आयोजित किए गए हैं, जबकि 2,845 विद्यार्थियों को बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत शिक्षा ऋण उपलब्ध कराया गया है.
बिजली और कृषि क्षेत्र में भी काम तेज
किसानों को कृषि कार्य के लिए बिजली कनेक्शन दिए जा रहे हैं. जिले में 64 प्रतिशत से अधिक उपभोक्ताओं को स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाया जा चुका है. पीएम मुफ्त सूर्य घर योजना के तहत सोलर पैनल लगाने का काम भी जारी है.
पुरनहिया के बखाड़ चंडिया, शिवहर के रसीदपुर और तरियानी के वृंदावन में तीन नए विद्युत उपशक्ति केंद्रों का निर्माण कराया जा रहा है. शहरी क्षेत्रों में करीब 23 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 21 घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही है.
620 क्षमता का अटल कला भवन और खेल भवन तैयार
शिवहर में आधारभूत संरचना के विस्तार के तहत 620 क्षमता वाले अटल कला भवन, संयुक्त श्रम भवन, अल्पसंख्यक कल्याण छात्रावास और अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय समेत अन्य परियोजनाओं पर काम चल रहा है.
युवाओं और बच्चों के लिए खेल भवन सह व्यायामशाला का निर्माण भी कराया जा चुका है, जहां सार्वजनिक जिम, इनडोर गेम्स और नृत्य कला प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध है.
अन्य संस्थानों में भी हुआ ध्वजारोहण
जिला व्यवहार न्यायालय परिसर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजय अग्रवाल ने झंडोत्तोलन किया. अनुमंडल कार्यालय में एसडीएम डॉ. अनंत कुमार, सिविल सर्जन कार्यालय में सीएस डॉ. आरके सिंह, राजकीय डिग्री महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ. अजय कुमार और नगर थाना परिसर में थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया.
इसके अलावा राजस्थान चौक स्थित मिश्रा औषधालय, संयुक्त कृषि भवन, जिला बार एसोसिएशन और मंडल कारा शिवहर में भी ध्वजारोहण किया गया. प्रोजेक्ट बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और अक्षर इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल समेत सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों में भी तिरंगा फहराकर राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई.
यह भी पढ़ें: मां जानकी की जन्मभूमि पहुंचकर भावविभोर हुए मुख्य चुनाव आयुक्त, बोले- बार-बार आना चाहूंगा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By मनीष नंदन सिंह
मनीष नंदन सिंह बीते 16 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. इनका जनहित से जुड़ी खबरों से गहरा जुड़ाव है और ये स्थानीय व क्षेत्रीय स्तर की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं. मनीष जन-सरोकार के मुद्दों की सटीक और जमीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










