शिवहर में बिजली हादसा: मायके आई विवाहिता की करंट लगने से मौत, दो मासूम बच्चे अनाथ

मायके आई विवाहिता की करंट लगने से मौत
Sheohar crime News: शिवहर के तरियानी थाना क्षेत्र में मंगलवार को स्टैंड पंखे के खुले तार से करंट लगने के कारण मनीषा कुमारी नाम की विवाहिता की मौके पर ही मौत हो गई.
शिवहर तरियानी से मधुरेन्द्र कुमार की रिपोर्ट
Sheohar crime News: शिवहर जिले से एक बेहद दुखद और दर्दनाक खबर सामने आई है. यहाँ तरियानी थाना क्षेत्र के अंतर्गत वृंदावन पंचायत के मुसहरी वार्ड संख्या-8 में मंगलवार को करंट लगने से एक 25 वर्षीय विवाहिता की मौत हो गई. इस हृदयविदारक हादसे के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है. मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल है.
घर की साफ-सफाई के दौरान लगा बिजली का तेज झटका
मृतका की पहचान मनीषा कुमारी के रूप में की गई है. घटना के संबंध में मृतका की मां संजू देवी ने बताया कि मंगलवार की सुबह मनीषा ने रोज की तरह खाना बनाया था. करीब 10:30 बजे वह घर के कमरों की साफ-सफाई करने में जुटी थी. इसी दौरान कमरे में रखे एक स्टैंड पंखे के नंगे बिजली के तार पर उसका ध्यान नहीं गया और वह उसकी चपेट में आ गई. नंगे तार से मनीषा को बिजली का इतना जोरदार झटका लगा कि वह वहीं अचेत होकर गिर पड़ी.
यह भी पढ़ें… जाम से मिलेगी मुक्ति,लक्ष्मीपुर के नए बस पड़ाव से होगा बसों का संचालन, प्रस्ताव पास
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें
मनीषा को तड़पता देख परिजन आनन-फानन में उसे लेकर स्थानीय अस्पताल भागे. हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और अस्पताल के चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद मनीषा को मृत घोषित कर दिया. मां संजू देवी ने बताया कि मनीषा की शादी वर्ष 2022 में हिंदू रीति-रिवाज के साथ सोनबरसा गांव निवासी मिथिलेश राय के साथ हुई थी. करीब दो महीने पहले ही उन्होंने अपनी बेटी को ससुराल से मायके बुलाया था, लेकिन उन्हें क्या पता था कि मायके में ही इतना बड़ा हादसा हो जाएगा.
यह भी पढ़ें… बारात के दौरान हर्ष फायरिंग, तीन युवक को लगी गोली,टेंट कर्मी गंभीर स्थिति में हायर सेंटर रेफर
दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया
इस अचानक आई विपदा से मनीषा के पिता किशोरी राय और पति मिथिलेश राय सहित पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मनीषा अपने पीछे दो छोटे-छोटे दूधमुंहे बच्चों को छोड़ गई है, जिन्हें अब यह भी नहीं मालूम कि उनकी मां अब इस दुनिया में नहीं रही. मां के खोने से दोनों मासूमों के सिर से ममता का साया हमेशा के लिए उठ गया है. घटना के बाद स्थानीय लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने और ढांढस बंधाने के लिए उनके घर पहुंच रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sumit Kumar
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










