बाइक पर ट्रिपल लोडिंग और बिना हेलमेट वालों सावधान, शिवहर में अब होगी सीधी कार्रवाई

बाइक पर ट्रिपल लोडिंग और बिना हेलमेट वालों सावधान, शिवहर में अब होगी सीधी कार्रवाई
शिवहर में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं. डीएम ने ब्लैक स्पॉट सुधारने, अतिक्रमण हटाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
Sheohar News: शिवहर में सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाने का फैसला किया है. सोमवार को समाहरणालय में डीएम प्रतिभा रानी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई. इसमें ब्लैक स्पॉट सुधारने, अतिक्रमण हटाने, अवैध पार्किंग पर कार्रवाई और यातायात नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए.
ब्लैक स्पॉट को चिन्हित कर तत्काल सुधार का निर्देश
डीएम ने पुलिस और पथ निर्माण विभाग को जिले के प्रमुख मार्गों पर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों यानी ब्लैक स्पॉट की पहचान करने का निर्देश दिया. इन स्थानों पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने को कहा गया है.
तीव्र मोड़ों और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में रिफ्लेक्टर, जेब्रा क्रॉसिंग, गति सीमा बोर्ड और अन्य आवश्यक यातायात संकेतक लगाने का निर्देश दिया गया है. प्रशासन का उद्देश्य वाहन चालकों को पहले से सावधान कर दुर्घटनाओं की आशंका कम करना है.
अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर होगी कार्रवाई
शहर और प्रमुख बाजारों में जाम की समस्या को लेकर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को नियमित अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने का निर्देश दिया गया.
डीएम ने अनधिकृत पार्किंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कार्रवाई करने को कहा. ऐसे मामलों में भारी जुर्माना वसूलने का निर्देश दिया गया है.
बिना हेलमेट और ट्रिपल लोडिंग पर सख्ती
डीटीओ और स्थानीय पुलिस को संयुक्त रूप से सघन वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है. दोपहिया वाहनों पर बिना हेलमेट और ट्रिपल लोडिंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी.
चार पहिया वाहनों में बिना सीट बेल्ट यात्रा करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा. व्यावसायिक वाहनों में ओवरलोडिंग और नाबालिगों के वाहन चलाने पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई का निर्देश दिया गया.
स्कूलों और पंचायतों में चलेगा जागरूकता अभियान
डीएम ने शिक्षा विभाग को जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में बच्चों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया.
एसएच और एनएच के किनारे स्थित पंचायतों में विशेष जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे. बैठक में सड़क दुर्घटना के बाद गोल्डन आवर में घायल को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया.
राष्ट्रीय राजमार्गों पर एंबुलेंस की तैनाती
स्वास्थ्य विभाग को दुर्घटना की स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया. राष्ट्रीय राजमार्गों पर एंबुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि हादसे के बाद समय रहते घायलों की जान बचाई जा सके.
बैठक में निवर्तमान एसडीएम अविनाश कुणाल, डीटीओ अनुराग कुमार रवि, यातायात डीएसपी भाई भरत समेत कई अधिकारी मौजूद रहे.
यह भी पढे़ं: शिवहर में सड़क सुरक्षा पर बड़ा फैसला, ब्लैक स्पॉट सुधरेंगे, बिना हेलमेट और ट्रिपल लोडिंग पर होगी सख्त कार्रवाई
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










