शिवहर को मिली बड़ी सौगात, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 130.88 करोड़ की बागमती-बूढ़ी गंडक लिंक चैनल का किया लोकार्पण

विभिन्न स्टॉल का निरीक्षण कर छात्रा से प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी देते सीएम सम्राट चौधरी
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिवहर में 130.88 करोड़ रुपये की लागत से बनी बागमती-बूढ़ी गंडक नदी जोड़ परियोजना का लोकार्पण किया. इस अवसर पर करीब 200 करोड़ रुपये की 40 अन्य विकास योजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास किया गया.
Sheohar News: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को दो हेलीकॉप्टरों से पिपराही प्रखंड के बेलवा बागमती नदी डैम पहुंचे. यहां उन्होंने 130.88 करोड़ रुपये की लागत से बनी 68.80 किलोमीटर लंबी बागमती-बूढ़ी गंडक नदी जोड़ परियोजना के अंतर्गत बेलवा-मीनापुर लिंक चैनल (बेलवाधार) का लोकार्पण किया.
मुख्यमंत्री ने लिंक चैनल का निरीक्षण भी किया और परियोजना को बाढ़ प्रबंधन तथा किसानों के लिए महत्वपूर्ण बताया.
शिवहर को 200 करोड़ रुपये की 40 विकास योजनाओं की सौगात
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 200 करोड़ रुपये की लागत वाली 40 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया.
इनमें 22 योजनाओं का उद्घाटन और 18 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है. मुख्यमंत्री के आगमन पर डीएम प्रतिभा रानी और एसपी शैलेन्द्र सिंह ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया. इसके बाद उन्होंने गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी ली.
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे.
पिपराही चौक से बेलवा डैम तक दंडाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती की गई थी. कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश से पहले सभी लोगों की जांच की गई. वीआईपी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए सीसीटीवी कैमरों और डॉग स्क्वाड की मदद से निगरानी रखी गई. यातायात व्यवस्था भी विशेष रूप से नियंत्रित की गई.
नदी जोड़ परियोजना से किसानों और बाढ़ प्रबंधन को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों को साकार करने के उद्देश्य से नदी जोड़ परियोजनाओं की परिकल्पना की गई थी, जिसे अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ाया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि बेलवा-मीनापुर लिंक चैनल बागमती नदी के अतिरिक्त जल को बूढ़ी गंडक तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा. इससे बाढ़ के समय अतिरिक्त पानी का बेहतर प्रबंधन होगा, सिंचाई क्षमता बढ़ेगी, कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी. परियोजना से मत्स्य पालन, भू-जल पुनर्भरण, पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की बात उन्होंने कही.
जीविका समूहों को मिला 25.35 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर जीविका, उद्योग, कृषि, शिक्षा विभाग तथा बिहार पुलिस के अभया ब्रिगेड और साइबर क्राइम स्टॉलों का भी निरीक्षण किया.
इस दौरान उन्होंने 4,550 जीविका स्वयं सहायता समूहों के लिए 25 करोड़ 35 लाख रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया.
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज कुमार सिंह, लोजपा (रा.) जिलाध्यक्ष विजय कुमार पांडे, जदयू जिलाध्यक्ष कमलेश पांडे, रालोमो जिलाध्यक्ष कल्याण पटेल, हम जिलाध्यक्ष मोहम्मद इब्राहिम, जदयू युवा जिलाध्यक्ष हेमंत कुमार सहित विभिन्न दलों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










