सासाराम में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पंखे से लटका मिला शव, दहेज के लिए हत्या का आरोप
मृतका पूजा कुमारी का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
Sasaram News : बिहार के सासाराम में एक 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. उसका शव घर में पंखे से लटका मिला. परिजनों ने दहेज प्रताड़ना के चलते हत्या का आरोप ससुराल पक्ष पर लगाया है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
Sasaram News : सूर्यपुरा थाना क्षेत्र के कोसंदा गांव में शनिवार की रात 25 वर्षीय विवाहिता पूजा कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. उसका शव घर में पंखे से लटका मिला. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया.
डीएसपी और एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जुटाये साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलने पर बिक्रमगंज डीएसपी सिंधु शेखर सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे. उनके साथ एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाये. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या का लगाया आरोप
मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए पूजा को प्रताड़ित करने और उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है. मृतका की चाची सुनीता देवी ने बताया कि पूजा के एक वर्षीय बेटे शिवांश के प्रथम जन्मदिन पर उसके नाना-नानी की ओर से सोने का लॉकेट दिया गया था. इसके बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से मोटरसाइकिल और सोने की चेन की मांग की जा रही थी.
पति पर फोन पर धमकी देने का आरोप
परिजनों के अनुसार, पूजा का पति छोटन कुमार सूरत में रहकर काम करता है. आरोप है कि वह फोन पर भी पूजा को धमकी देता था. मृतका के भाई कल्लू साह ने बताया कि घटना शनिवार की रात करीब एक बजे की बताई जा रही है. उन्होंने पूजा की गर्दन पर निशान होने की बात भी कही है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
स्थानीय सूर्यपुरा थानाध्यक्ष चंदन कुमार भगत ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा. पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
2024 में हुई थी पूजा की शादी
परिजनों के अनुसार, पूजा की शादी मार्च 2024 में कोसंदा निवासी सुरेंद्र साह के पुत्र छोटन कुमार से हुई थी. पूजा का एक वर्षीय पुत्र शिवांश है. घटना से दो दिन पहले ही परिवार में शिवांश का जन्मदिन मनाया गया था.
Also Read : बक्सर में हिंदी दिवस की पूर्व संध्या पर सजी साहित्य की महफिल, कविताओं के जरिए भाषा और नई पीढ़ी पर हुई चर्चा
बहन की भी 2024 में हुई थी संदिग्ध मौत
परिजनों ने बताया कि वर्ष 2024 में पूजा की बड़ी बहन चंदा कुमारी की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी. चंदा स्थानीय थाना क्षेत्र के कल्याणी निवासी रविंद्र साह की बड़ी बेटी थीं और उनकी मौत भोजपुर जिले के कोईल गांव स्थित ससुराल में हुई थी. परिजनों के अनुसार, इस मामले की सुनवाई अभी न्यायालय में चल रही है. चंदा कुमारी के तीन बच्चों का पालन-पोषण उनके नाना-नानी के घर पर ही हो रहा है.

ससुर को सुरक्षा में लेकर पुलिस कर रही पूछताछ
सूर्यपुरा थानाध्यक्ष चंदन कुमार भगत ने बताया कि मामले में मृतका के ससुर सुरेंद्र साह को पुलिस सुरक्षा में लेकर पूछताछ कर रही है. वहीं, मृतका की सास एक वर्षीय शिवांश को लेकर घर से फरार है.
Also Read : चौसा की ऐतिहासिक रणभूमि अब पर्यटन मानचित्र पर चमकेगी, शेरशाह-हुमायूं युद्धस्थल के विकास की कवायद शुरू
पति समेत सात लोगों पर नामजद प्राथमिकी
थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका के पिता रविंद्र साह ने स्थानीय थाने में आवेदन दिया है. इसमें पति छोटन साह, ससुर सुरेंद्र साह, सास, छोटन साह के दोनों भाई और दो भाभियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.
जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी पूरी तस्वीर
पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और अनुसंधान पूरा होने के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद रविवार की शाम उसे परिजनों को सौंप दिया.
Also Read : बक्सर में बिजली कटने के विवाद में फायरिंग, युवक घायल, मौके पर पहुंचे एसडीएम
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए