बक्सर में बिजली कटने के विवाद में फायरिंग, युवक घायल, मौके पर पहुंचे एसडीएम
घटनास्थल पर छानबीन करतीं पुलिस
Buxar News : बक्सर के डुमरांव में बिजली कटने को लेकर दो पक्षों के बीच मामूली कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई, जिसमें पथराव और फायरिंग की घटना हुई. इस दौरान एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई.
Buxar News : डुमरांव के नया भोजपुर थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव में शनिवार की रात बिजली कटने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. दो पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ. इस दौरान दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग किए जाने का भी आरोप है. ईंट लगने से दर्जी मोहल्ला निवासी करीब 50 वर्षीय मो. जहीर दर्जी गंभीर रूप से घायल हो गए. उनके सिर में चोट लगी है. परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज कराया गया.
पथराव और फायरिंग की आवाज से मची अफरातफरी
घटना के बाद वार्ड संख्या छह और सात में अफरातफरी मच गई. पथराव और फायरिंग की आवाज सुनकर लोग अपने घरों में दुबक गए. सूचना मिलते ही नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया. हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही उपद्रवी मौके से फरार हो चुके थे.
घटनास्थल से खोखा और जिंदा कारतूस बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है. घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह, सर्किल इंस्पेक्टर अरविंद कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
घायल के बयान पर कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी
घायल मो. जहीर दर्जी, पिता स्वर्गीय वसीर दर्जी, के बयान पर नया भोजपुर उत्तर मोहल्ला निवासी सूर्या कुमार पासवान, जगनारायण पासवान समेत कई लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

ट्रांसफार्मर से बिजली कटने के बाद शुरू हुई थी कहासुनी
ग्रामीणों के अनुसार, वार्ड सात की अनुसूचित टोली और वार्ड छह के दर्जी मोहल्ला में एक ही ट्रांसफार्मर से बिजली की आपूर्ति होती है. अधिक लोड के कारण ट्रांसफार्मर से अक्सर बिजली बाधित होती रहती है. शनिवार की रात करीब आठ बजे बिजली कटने के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी. लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया था.
कुछ देर बाद जुटे युवक, शुरू कर दिया पथराव
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कुछ देर बाद एक पक्ष के दर्जनों युवक जुटकर दूसरे मोहल्ले में पहुंच गए और पथराव शुरू कर दिया. इसी दौरान घर के बाहर बैठे मो. जहीर के सिर में ईंट लग गई. पीड़ित पक्ष ने इलाके में दहशत फैलाने के लिए फायरिंग किए जाने का भी आरोप लगाया है.
ग्रामीणों ने बैठक में उठाया शराब तस्करी का मुद्दा
घटना के बाद एसडीएम राजीव कुमार, सीओ बृजेश कुमार द्विवेदी, थानाध्यक्ष चंदन कुमार, सहायक विद्युत अभियंता अर्जुन कुमार वर्मा और जेई जितेंद्र कुमार समेत अन्य अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ बैठक की. बैठक में ग्रामीणों ने इलाके में शराब तस्करी का मुद्दा उठाया. ग्रामीणों का आरोप था कि शराब तस्करी के लिए बिजली काटे जाने की शिकायत लंबे समय से मिल रही है. तस्करी के कारण क्षेत्र में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है.
Also Read : मांगों पर 9 महीने से इंतजार, रोहतास में फिर एकजुट हुए कार्यपालक सहायक, आंदोलन की रणनीति पर मंथन
पहले से तनाव के बीच सुनसान जगह पर लगा है ट्रांसफार्मर
ग्रामीणों ने बताया कि दोनों मोहल्लों के बीच पहले से तनाव की स्थिति है. ट्रांसफार्मर सुनसान स्थान पर लगा है, जहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है. ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और बिजली की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की.

सीसीटीवी और स्ट्रीट लाइट लगाने का आश्वासन
एसडीएम ने ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे तथा स्ट्रीट लाइट लगाने का आश्वासन दिया. उन्होंने नया भोजपुर थानाध्यक्ष को शराब तस्करों को चिह्नित कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया. बैठक में ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक लोड का मामला भी उठा. एसडीएम ने बिजली विभाग के सहायक अभियंता अर्जुन कुमार वर्मा और जेई जितेंद्र कुमार को ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने अथवा अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने का निर्देश दिया.
Also Read : गन्ने की फैक्ट्री में बंधक बनाए युवक को कर्नाटक पुलिस लेकर पहुंची सासाराम, रोजगार की तलाश में गया था
बिजली समस्या के स्थायी समाधान पर जोर
अधिकारियों ने कहा कि बिजली की समस्या का स्थायी समाधान होने से भविष्य में इस तरह के विवादों पर भी अंकुश लगाया जा सकेगा. प्रशासन ने ग्रामीणों को शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की.
कहते हैं एसडीएम
एसडीएम राजीव कुमार ने कहा कि विवाद की सूचना मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंच गया था. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से ग्रामीणों के साथ बैठक की गई. अग्रिम कार्रवाई जारी है. दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होगी.
राजीव कुमार, एसडीएम, डुमरांव
कहते हैं प्रभारी एसडीपीओ
प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह ने बताया कि मौके से एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है. मामले में 10 नामजद लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है.
समीर कुमार सिंह, प्रभारी एसडीपीओ, डुमरांव
Also Read : हरतालिका तीज पर सुहागिन रखेंगी निर्जला व्रत, 14 सितंबर को होगी शिव-पार्वती की पूजा
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए